इटावा। टेंपो या ई-रिक्शा में सफर करते वक्त यदि चालक कोई हरकत करता है या फिर कहीं और ले जाने की कोशिश करता है तो वाहन में लगा क्यूआर कोड सवारियों का रक्षक बनेगा। लखनऊ-कानपुर की तर्ज पर पुलिस विभाग शहर में भी यह व्यवस्था शुरू करने जा रही है। इसको धरातल पर लाने के लिए एक माह का लक्ष्य रखा गया है।
कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक सिटी अभय नाथ त्रिपाठी व सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक हुई। व्यापारियों ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट संबंधित समस्याओं को उठाया। इस पर सीओ सिटी अभय नारायण राय ने कहा कि एक माह में टेंपो और ई-रिक्शा में क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था की जानी है। इस कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही उसकी पूरी डीटेल आ जाएगी। साथ ही सूचना कंट्रोल रूम को मिलेगी जिससे फौरन कार्रवाई की जा सके।
व्यापारियों ने कहारनपुल निर्माण को पूरा करने में 15 जून तक का समय होने के चलते तब तक के लिए वनवे व्यवस्था स्थगित करने की मांग उठाई। उन्होंने साबितगंज व नौरंगाबाद तिराहे पर लगे बैरियर को हटाने की मांग भी रखी। इस दौरान व्यापार मंडल संरक्षक हाजी शहंशाह वारसी, आलोक दीक्षित, अशोक जाटव, मंजू लता द्विवेदी, शकीला बेगम, सुनील कुशवाहा, राहुल दीक्षित, मोहम्मद आफताब, यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह आदि मौजूद रहे।