बसरेहर (इटावा) । चौबिया थाना क्षेत्र के ग्राम खरेंता के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ की ओर जा रहे एडीएम की कार डिवाइडर से टकरा गई। घायल कानपुर में तैनात एडीएम को सैफई स्थित मिनी पीजीआई में भर्ती कराया गया है।
चौबिया क्षेत्र के ग्राम खरेंता के पास आगरा लखनऊ-एक्सप्रेस वे हाईवे पर मंगलवार की शाम करीब 6 बजे आगरा से चलकर लखनऊ जा रहे कानपुर के एडीएम मनीष कुमार नाहर की कार हादसे का शिकार हो गई। बताया गया कि एडीएम स्वयं कार को चला रहे थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि नींद का झोंका आने के कारण कार डिवाइडर से टकराई है। दुर्घटना में एडीएम को काफी चोटें आई हैं।
एंबुलेंस चालक हरगोविंद सोनू ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस से सैफई मिनी पीजीआई में भर्ती कराया। वहीं क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से उठवाकर चौपला टोल बूथ की पार्किंग यार्ड में खड़ा किया गया है।