प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगाया गया शहीद स्तम्भ
- फोटो : ETAWAH
ताखा। ढकाऊ नगला में शहीद मेले और शहीद पार्क के लिए आरक्षित जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर निर्माण करवा रहे हैं। प्रथम प्रधानमंत्री ने जमीन को मेले और शहीद पार्क के नाम करने की घोषणा की थी, लेकिन अभी तक राजस्व विभाग ने भूमि को मेले और शहीद पार्क के नाम नहीं किया है।
देश की आजादी की लड़ाई में शामिल नगला ढकाऊ में तीन क्रांतिकारी ब्रिटिश हुकूमत की गोलियों से शहीद हुए थे। शहीदों की याद में यहां हर वर्ष मेला लगता है। वर्ष 1951 में तत्कालीन प्रधानमंत्री पं जवाहर लाल नेहरू ने नगला ढकाऊ आकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी। उन्होंने एक हेक्टेयर जमीन मेले और एक हेक्टेयर शहीद पार्क के लिए सरकार की ओर से देने की घोषणा की थी। जिस भूमि पर मेला लगता है वह राजस्व विभाग के अभिलेखों में ऊसर भूमि दर्ज है। खाता संख्या 2687 के गाटा संख्या 712 पर भूमि का रकता 1.070 हेक्टेयर है। शहीद पार्क के लिए खाता संख्या 2687 के गाटा संख्या 713 में दर्ज 1.650 हेक्टेयर भूमि अधिकृत की गई थी।
तत्कालीन जिलाधिकारी जेबी सिंह ने गाटा संख्या 713 में शहीद माडल पार्क बनाने के आदेश दिए थे। किंतु पंचायतीराज विभाग ने स्कूल और वन विभाग की जमीन पर पार्क बना दिया। मेले की जमीन पर कब्जा कर लोग निर्माण करा रहे हैं। शहीद शंकर सिंह यादव के नाती रामनरेश यादव ने का आरोप है कि लेखपाल की मिलीभगत से जमीन पर कब्जा हो रहा है। तहसीलदार ताखा जगदीश सिंह ने कहा कि जमीन की पैमाइश कराकर जल्द ही आरक्षित कर दी जाएगी।