इटावा। जनपद के आठ केंद्रों पर 15 जून को दो पालियों में बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर दो बजे से लेकर शाम पांच तक होगी। जिसमें 3337 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जनपद स्तरीय दो सचल दल बनाए गए हैं। इनके प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट व जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे। प्रश्न पत्र कोषागार में रखने व निकलवाने की जिम्मेदारी नगर मजिस्ट्रेट व जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसवंतनगर, हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज जसवंतनगर, राजकीय इंटर कॉलेज इटावा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज इटावा, सनातन धर्म इंटर कॉलेज,एचएमएस इस्लामिया इंटर कॉलेज, शिवनारायण इंटर कॉलेज व श्री शीतल प्रसाद शोराबाल बालिका इंटर कॉलेज में होगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल विहीन कराने के लिए चार केंद्र प्रतिनिधि बनाए गए हैं। इनमें उपायुक्त मनरेगा शौकत अली, प्राचार्य व उप शिक्षा निदेशक डायट एसपी यादव, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सुधीर कुमार व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार शामिल हैं। रिजर्व में दो केंद्र प्रतिनिधि रहेंगे । जबकि आठ स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। इनमें खंड विकास अधिकारी सैफई मानू लाल यादव, खंड शिक्षा अधिकारी जसवंतनगर अलकेश कुमार, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रसाधन अधिकारी सतीश शुक्ला, परियोजना अधिकारी नेडा विजय शंकर, खंड शिक्षा अधिकारी ताखा वीरेंद्र सिंह पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी महेवा उदयराज सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी नगर धर्मेंद्र प्रसाद, उप प्राचार्य डायट जनार्दन शाक्य शामिल हैं। जबकि रिजर्व में तीन स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं।