गोष्ठी में भाग लेते एसएसपी इटावा एन कोलांचि एवं एसपी भिंड नवनीत भसीन
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। यूपी के इटावा और मध्यप्रदेश के बार्डर जिले भिंड जनपदों की सीमा से लगने वाले थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों के साथ गोष्ठी हुई। इसमें एक दूसरे के जिलों में वांछित अपराधियों की सूची का आदान-प्रदान किया गया। साथ ही बार्डर पर चेकिंग कराने का भी निर्णय किया गया।
वहीं ऐसे 95 अपराधियों की सूची भिंड पुलिस को दी गई जो इटावा के निवासी हैं और जनपद भिंड (मप्र) में जाकर अपराध करते हैं। गोष्ठी में जनपद भिंड से होने वाली अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने पर चर्चा की गई। कहा गया कि थाना बिठौली और सहसों क्षेत्र में निकलने वाले रास्तों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी।
इसके अलावा संयुक्त रूप से चंबल नदी मेें नाव/मोटर वोट से गश्त की जाएगी। बार्डर के आसपास के गांव में भी चेकिंग करने पर सहमति बनीं। हिस्ट्रीशीटरों की सक्रियता की जांचकर कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई गई।
वहीं गोष्ठी के बाद दोनों जनपदों की पुलिस ने मैत्री बालीवाल मैच खेला। इसमें इटावा की टीम ने भिंड पुलिस को हराया। इस दौरान एसएसपी इटावा एन कोलांचि, पुलिस अधीक्षक भिंड नवनीत भसीन आदि थे।