इटावा। कोविड-19 की रोकथाम के लिए कैंप कार्यालय पर जिलाधिकारी जेबी सिंह ने समीक्षा बैठक की। बताया कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए रोजाना ज्यादा से ज्यादा टेस्ट करें। अब तक 37701 टेस्ट कराए जा चुके हैं। इसमें 35738 लोग निगेटिव निकले हैं, जबकि 1510 कोरोना पॉजिटिव हैं। अब केवल 398 का ही उपचार चल रहा है।
बैठक में बताया गया कि जनपद में एल 1 श्रेणी का हॉस्पिटल नारायण इंटर कॉलेज छात्रावास है। इसक क्षमता 100 बेड है। इसमें अभी कुल 15 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है। इसी प्रकार एमसीएच विंग महिला चिकित्सालय एल 2 श्रेणी का है। इसकी क्षमता भी 100 बेड है, जिसमें अभी कुल छह संक्रमित मरीज हैं। एल 3 श्रेणी का हॉस्पिटल उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई है, जिसकी क्षमता 200 बेड है, जिसमें अभी कुल 39 संक्रमित मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
जिले में कोरोना वायरस की जांच के लिए कुल 37701 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। 35738 निगेटिव आए हैं। 453 का परिणाम आना अभी शेष है। 1510 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। 1079 मरीज ठीक हुए। 33 की मृत्यु हो चुकी है। 398 मरीजों का इलाज चल रहा है।
जनपद में संचारी रोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिण् डोर-टू-डोर सर्विलांस टीमों की उपलब्धता 584 है। जिले में कोरोना सैंपलिंग के लिए 12 टीमें गठित हैं। इन टीमों ने आज 1581 लोगों का कोरोना टेस्ट किया। इसमें 651 आरटीपीसीआर, 866 एंटीजन एवं 64 ट्रूनेट मशीन से हुए हैं।
उन्होंने बताया कि होम आइसेालेट होने वाले व्यक्ति के घर में अलग कमरा एवं दो शौचालय होने चाहिए। होम आइसोलेट व्यक्ति की देखरेख करने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर जरूर ले लें। रोजाना कोरोना मरीज के पल्स आक्सीमीटर रीडिंग व्हाट्स एप के माध्यम से प्राप्त करें। मरीज के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करा दें।
उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि कोविड अस्पतालों के परिसर ,कमरे, शौचालय आदि में विशेष सफाई व्यवस्था करा दें। बिजली, पेयजल की व्यवस्था सुदृढ़ हो। मरीजों को नाश्ता व पौष्टिक आहार समय पर दिया जाए। किट, मास्क, चादर, सैनिटाइजर आदि की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनएस तोमर, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. एसएस भदौरिया, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीनिवास यादव, डॉ. वीरेंद्र सिंह, डीपीएम संदीप कुमार, डॉ. सुशील सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।