उत्तर प्रदेश हाकी के तत्वावधान में मास्टर चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में गुुरुवार को पांचवीं सीनियर राष्ट्रीय महिला हाकी चैंपियनशिप के चार मैच खेले गए। इसमें झारखंड, कर्नाटक, पंजाब और भोपाल ने अपनी-अपनी प्रतिद्वंद्वी टीम को हराया।
पहले मैच में झारखंड ने उत्तर प्रदेश को 7-2 से मात दी। झारखंड की ओर से बिरसी मुन्डु ने हैट्रिक लगाई। शबनम लाकरा ने दो गोल तथा इटवारी मुन्डु व सुमन सारु ने एक-एक गोल किया जबकि उत्तर प्रदेश हाकी की ओर से रीना देवी ने मात्र दो गोल किए।
दूसरे मैच में कर्नाटक ने असम को 3-1 से हराया। कर्नाटक की ओर से कोमला, रश्मि, निस्छिता ने एक-एक गोल किया जबकि असम की ओर से मौल्ली यादव ने एक गोल किया। तीसरे मैच में पंजाब ने मुंबई एसोसिएशन को 3-1 से मात दी। पंजाब की ओर से हरदीप कौर, नभप्रीत कौर व पूजा रानी ने एक एक गोल किया।
एसोसिएशन की ओर से एक गोल नभनीत कौर ने किया। इसी प्रकार चौथे मैच में भोपाल ने केरल को 5-0 से हराया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पूर्व ओलंपियन एवं भारतीय हाकी टीम के चयनकर्ता हरविंदर सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि का स्वागत उप क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार सोनकर एवं उप क्रीड़ाधिकारी देवी प्रसाद यादव ने बैज लगाकर किया। इस अवसर पर श्री लईक खान, दविन्दर भाटिया, निशा मिश्रा, के पी सिंह, एस के लहरी, नवीन कुमार सिंह, राकेश कुमार शर्मा, डा. मंजूर आलम अंसारी, राममिलन आदि उपस्थित रहे।
निर्णायक के रूप में निर्मला डागर, दीपा, तारिक, सुमित पाल, विरेंद्र व नेपोलियन आदि की अहम भूमिका रही।