करीब आधा दर्जन असलहाधारी चोर बीती रात एक घर से 12 लाख रुपये के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। बताते हैं कि वारदात के दौरान गृहस्वामी के छोटे बेटे की नींद खुल गई थी, चोरों के हाथों में असलहे देखकर वह भयवश चुप्पी साधे रहा। चोरों के भागते समय शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा करते हुए फायरिंग भी की, लेकिन चोर हत्थे नहीं चढ़े।
यह वारदात चौबिया थाना क्षेत्र के गुलाबपुरा गांव में मंगलवार की रात में हुई।गुलाबपुरा गांव में वीरेंद्र सिंह पुत्र बलवंत सिंह यादव का दो मंजिला मकान है। यहां वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार की रात गृहस्वामी वीरेंद्र सिंह ग्राउंड फ्लोर पर सो रहे थे, जबकि उनका छोटा पुत्र यतेंद्र फर्स्ट फ्लोर पर सो रहा था।
रात में किसी समय पांच-छह असलहाधारी चोर पड़ोस के मकान से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। यतेंद्र के कमरे में घुसकर बक्सों को खोलकर जेवर और नकदी निकाल लिए। इस दौरान खटर पटर की आवाज सुनकर यतेंद्र की नींद खुल गई। कमरे में उसने 5-6 चोरों को असलहों के साथ देखा तो डर के कारण चुपचाप लेटा रहा।
चोरों के जेवर व नकदी लेकर भागने के बाद उसने शोर मचाया। इस पर पास पड़ोस के लोग बाहर निकल आए। माजरा समझते ही चोरों का पीछा किया। इस बीच ग्रामीणों ने 4-5 फायर भी किए। लेकिन चोर तब तक भाग चुके थे। चोरी की तहरीर थाने में दी गई है।