कलेक्ट्रेट में जीएसटी के विरोध में डीएम को ज्ञापन देने जाते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्र सरकार के प्रस्तावित जीएसटी कानून में व्यापारियों को जेल, जुर्माना और हर माह रिटर्न भरने के प्रावधान के खिलाफ व्यापारी लामबंद हो गए हैं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शतमन्यु पुरवार के नेतृत्व में इटावा, लखना, बसरेहर, भरथना और जसवंतनगर व्यापार मंडल के पदाधिकारी कचहरी पहुंचे और प्रदर्शन किया। यहां केंद्रीय वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर इन प्रावधानों को हटाने की मांग की।
व्यापारी नेता शतमन्यु पुरवार ने कहा कि प्रस्तावित जीएसटी कानून भ्रष्टाचार और व्यापारियों के शोषण को बढ़ावा देने वाला है। ज्ञापन में बताया कि जीएसटी के प्रारूप में विभाग के इंस्पेक्टरों को असीमित अधिकार दिए गए हैं। कोई भी इंस्पेक्टर व्यापारी को छोटी गलती पर गिरफ्तार कर सकता है। इस प्रावधान को समाप्त करना चाहिए। केंद्रीय वित्त मंत्री और मुख्यमंत्री से व्यापार मंडल ने जीएसटी के प्रस्ताव पर पुन: विचार करने की मांग की है। कहा कि इसके अंतर्गत व्यापारी को जेल भेजने और दैनिक जुर्माना लगाने की व्यवस्था हटाई जाए। इस मौके पर वीके वर्मा, एके शर्मा, विनोद यादव, ध्रुव पुरवार, राजू पांडेय, आशीष वर्मा, लखना से संतोष चौहान, सोनी चौहान, लकी जौहरी, भरथना से रज्जन पोरवाल, विवेक पोरवाल, रवि पोरवाल, बसरेहर से अशोक पोरवाल, मो लतीफ खान, जसवंतनगर से पूर्व चेयरमैन अमरनाथ गुप्ता, सुभाष गुप्ता, चौपुला से मातादीन यादव उपस्थित रहे।