शहर में आयोजित तृतीय भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव का समापन रविवार को रथयात्रा के साथ हो गया। बेमौसम बारिश के बीच रथयात्रा गाजेबाजे के साथ निकली। जगह-जगह भक्तों ने रथ यात्रा का पुष्पवर्षा करके स्वागत किया। यात्रा के साथ ही अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी संपन्न हुआ।
शनिवार को शहर के माया मैरिज होम में हरिनाम संकीर्तन, आरती, छप्पन भोग के साथ जगन्नाथ महाराज की कथा का कार्यक्रम संपन्न हुआ। रविवार को सुबह संकीर्तन का कार्यक्रम आयोजित हुआ। दोपहर के वक्त यहां से रथयात्रा की शुरुआत हुई।
खराब मौसम और बारिश होने से भक्तों की संख्या में कमी नजर आई। माया मैरिज होम से शुरू हुई रथयात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। यात्रा में शामिल साउंड सिस्टम पर बज रहे भक्तिगीतों पर भक्तगण झूमते हुए चल रहे थे। रथ पर भगवान जगन्नाथ की सवारी विराजमान थी। हर कोई बस रथ में अपना हाथ भर लगाना चाहता था।
जगह-जगह भक्तों ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रथयात्रा विश्राम के बाद पक्का तालाब स्थित साईं मंदिर पर रविवार की शाम को छप्पन भोग का आयोजन हुआ। इसके साथ ही रात आठ बजे महाआरती के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ।
यात्रा में जगन्नाथ कथा प्रवक्ता देवकी नंदन, अपरिमेय श्यामदास सहित इस्कॉन प्रचार केंद्र से जुड़े भक्तगण एवं नारायण किशोर वाजपेई, उज्ज्वला किशोरी दासी, अचिन्त्य रूपनी दासी, अभिषेक प्रभु, मनुपुत्र दास, माधवती लता दासी, विनय, सोमेश, प्रमेंद्र, रामू, संदीप, अवनीश, अरिओम, विपिन, अश्वनी, पंकज, राहुल चौहान, देवेंद्र आदि शामिल रहे।