लवेदी। कस्बा लखना स्थित कालिका मंदिर में शनिवार को बड़ी संख्या में देवी भक्त पहुंचे। मां कालिका की पूजा-अर्चना के साथ बच्चों के मुंडन संस्कार कराए। इस दौरान छह महिलाओं से जेवर चोरों ने पार कर दिए।
कालिका देवी मंदिर के कपाट खुलते ही इटावा, औरैया, कानपुर, कानपुर देहात, मैनपुरी के देवी भक्त निजी वाहनों से सुबह ही मंदिर में पहुंच गए। मां की पूजा अर्चना के साथ अपने बच्चों के मुंडन संस्कार कराए। प्राचीन तालाब पर भी देवी भक्तों की भारी दिनभर नजर आई। भक्तों ने स्नान व आचमन करके ही पूजा अर्चना की।
इस दौरान मंदिर में बकेवर थाना क्षेत्र के गुलाबपुरा गांव निवासी सनोज यादव के बेटे गोलू का मुंडन संस्कार करने आई परिवार की सुखदेवी और गमका देवी के कानों के कुंडल चोरों ने पार कर दिए। सुमन यादव के कानों का कुंडल तोड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने शातिर का हाथ पकड़ लिया। इससे उनका कुंडल बच गया और शातिर भाग गया। कुछ अन्य महिलाओं के भी चोरों ने चेन व बाले पार कर दिए। मंदिर में लखना चौकी प्रभारी दिनेश कुमार फोर्स के साथ मौजूद रहे। बावजूद इसके चोरों की सक्रियता बनी रही।
मुख्य सड़क पर पाइप लाइन की खोदाई के चलते परिसर को जाने वाले मार्ग पर दिन भर जाम लगा रहा। पुलिस लगातार जाम को खुलवाने की कोशिश करती रही। श्रद्धालु जाम से बचने के लिए गलियों से वाहनों को निकालते नजर आए। कस्बा बकेवर में भरथना रोड़ पर पाइप लाइन बिछाने को लेकर खोदाई से जाम की स्थिति बनी रही।