राष्ट्रीय राज मार्ग संख्या 92 (इटावा-ग्वालियर) मार्ग के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण में बाधा बने पेड़ों और बिजली के पोलों को हटाने के डीएम ने निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि काम तेज कराने के लिए हर 15 दिन में बैठक की जाएगी।
योजना के अनुसार ग्वालियर मोड़ से लॉयन सफारी तक दो किलोमीटर मार्ग के दोनों तरफ साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। जिलाधिकारी डा. नितिन बंसल ने शनिवार को इटावा-ग्वालियर मार्ग का कामकाज देखा।
कचौरा चौराहे से टिक्सी मंदिर होते हुए यमुना पुल तक मार्ग का चौड़ीकरण शुरू हो चुका है। बीच में बाधा बन रहे पेड़ों और बिजली के पोलों को हटाने के लिए डीएम ने प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी व अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए।
इस संबंध में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी कन्हैया पटेल ने बताया कि पेड़ काटने के लिए वन निगम इटावा से कहा गया है। उन्होंने बताया कि इनके स्थान पर नए पौधे लगाने के लिए पृथ्वीपुर, भुनकपुर में लगभग 11 हेक्टेयर में पौधरोपण कराया जा रहा है। वन विभाग को लोक निर्माण विभाग ने क्षतिपूर्ति के रूप में 115 लाख रुपये की धनराशि दी है।
अधिशासी अभियंता विद्युत आरके ग्रोवर ने बताया कि यमुना पुल से टिक्सी मंदिर तक के भाग के खंभों को 21 दिन में हटा दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि बिजली के खंभों आदि को स्थानांतरित करने के लिए विद्युत विभाग की मांगी गई 5.70 करोड़ रुपये में से 4.25 करोड़ रुपये की धनराशि दी जा चुकी है।
निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर चौड़ीकरण में अतिक्रमण आ रहा है, जिसकी लोक निर्माण विभाग ने शिनाख्त कर ली है। उप जिलाधिकारी को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
अधिक्षण अभियंता लोक निर्माण ने बताया कि इटावा-ग्वालियर मार्ग के चयनित किलोमीटर 60 से 69.85 तक दो लेन से चार लेन चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण के कार्य के लिए लगभग 96 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। मार्ग के दोनों ओर ग्वालियर मोड़ से लॉयन सफारी मार्ग पर बाइस ख्वाजा तक दो मीटर चौड़ाई में साइकिल ट्रैक निर्माण भी प्रस्तावित है।
इसका स्टीमेट व डीपीआर तैयार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर महेंद्र कुमार, अधिक्षण अभियंता राष्ट्रीय निर्माण खण्ड अनिल कुमार, सहायक अभियंता विजय कुमार, अवर अभियंता लखनलाल साहू, सालिगराम जोशी आदि उपस्थित थे।