अमर उजाला फाउंडेशन की कोशिशों से लगे मेगा फ्री हेल्थ कैंप में मरीजों की भीड़ उमड़ी। करीब 700 मरीजों को डाक्टरों ने मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श दिया। दूर-दराज से आए मरीज मुफ्त परामर्श और दवाएं मिलने के बाद दुआएं देते हुए घर लौटे।
शहर में अपनी तरह के किए गए पहले प्रयास में डाक्टरों ने अपनी ही क्लीनिक और अस्पतालों में मरीजों को मुफ्त में देखा है। इसके लिए कहीं कोई शिविर नहीं लगाया गया।
शहर के प्रसिद्ध डाक्टरों को दिखाने के लिए मरीजों को नंबर लेना पड़ता है। फ्री हेल्थ चेकअप कैंप में तो सुबह से ही मरीज डाक्टरों की क्लीनिक में पहुंच गए थे। डाक्टरों ने दो से तीन घंटे का ही टाइम दिया था लेकिन मरीजों की भीड़ को देखते हुए उन्होंने अपनी मर्जी से वक्त बढ़ा दिया। इतना ही नहीं मरीजों को मुफ्त दवाओं के साथ उनका मुफ्त में चेकअप भी किया।
नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. शोभित ने अपनी क्लीनिक में 50 मरीजों की आंखों का परीक्षण किया। हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. आनंद ने 54 मरीजों की जांच की। सेवा अस्पताल में डा. पुष्पलता और डा. अनिल कुमार ने 183 मरीजों का इलाज किया। इस दौरान तीन-तीन दिन की दवाएं भी मुफ्त में दीं।
डा. डीके दुबे हड्डी रोग विशेषज्ञ ने भी 94 मरीज देखे। उन्होंने पूरा दिन मरीजों को मुफ्त देखा। दंत रोग विशेषज्ञ डा. आदित्य ने 28 मरीजों के दांतों का परीक्षण किया। सिटी अस्पताल में डा. अशोक पांडेय ने 25 मरीजों को देखा।
आदित्य अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ डा. रविंद्र यादव ने 29 मरीजों की जांच की। द्विवांशी अस्पताल में डा. आरएस पाल ने 15 और प्रियंका पाल ने दस मरीज देखे। आईएमए अध्यक्ष डा. मनोहर सिंघल ने दस बच्चों का मुफ्त में इलाज किया। डा. मदन मोहन पालीवाल ने 20 और रिचा पालीवाल ने 10 मरीज देखे।
स्त्री रोग विशेषज्ञ अर्चना गुप्ता ने 57 मरीज देखे। जीपीएल अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. एमएस पाल ने 29 और डा. शीला पाल ने 59 मरीजों को देखा। फफूंद, बकेवर, जसवंत नगर, भरथना, ऊसराहार, चकरनगर आदि स्थानों से लोग मरीजों को दिखाने के लिए लाए।