ब्लाक चुनाव के दौरान सपा में भितरघात भी हुआ है, भितरघात करने वालों पर जल्द गाज गिरेगी। सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने सोमवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान इस बात के साफ-साफ संकेत दिए हैं।
उनका कहना है कि चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त करीब दर्जन भर पदाधिकारियों को चिंह्ति किया गया है। पार्टी हाईकमान से अनुमति लेकर उन्हें पद से हटाया जाएगा। उनकी जगह कर्मठ कार्यकर्ताओं को जगह दी जाएगी।
इस दौरान उन्होंने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव लड़वाने की घोषणा करने वाले प्रस्तावक और समर्थक तक नहीं जुटा पाए। अशोक यादव ने कहा कि ब्लाक प्रमुख का चुनाव पूरी निष्पक्षता से लड़ा गया, जिसमें पार्टी ने पांच ब्लाकों में निर्विरोध जीत हासिल की।
तीन ब्लाकों में मतदान के बाद विजयी रहे। ऐसा पहली बार हुआ है कि पार्टी बढ़पुरा, महेवा व चकरनगर में भी परचम फहराने में कामयाब रही, जबकि पहले यहां जीत के लिए संघर्ष करना पड़ता था। इन तीनों ब्लाकों में विरोधी दलों को नाममात्र के वोट हासिल हुए।
उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख चुनाव के दौरान विरोधियों के लिए काम करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने खुलासा किया कि दर्जन भर पदाधिकारियों को चिंह्ति किया गया है। हाईकमान से अनुमति लेकर उन्हें जिम्मेदारी से मुक्त किया जाएगा।
साथ ही यह भी कहा कि जिला कार्यकारिणी हो या नगर, ब्लाक व विधानसभा अध्यक्ष सभी कार्यकारिणी भंग होगी। पार्टी से जुड़े सभी लोग पूरी निष्ठा से चुनाव कार्य में जुटें। पार्टी विरोधी काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि 12 फरवरी को पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव का जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। पार्टी कार्यालय पर केक काटा जाएगा, जिला पंचायत सभागार में गोष्ठी होगी। इसके साथ ही मरीजों को फल व अंध स्पर्श विद्यालय के बच्चों के साथ भोजन किया जाएगा।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उमेश दीक्षित, कृष्ण मुरारी गुप्ता, गोपाल यादव, रविंद्र दुबे, राकेश यादव व आशीष राजपूत आदि मौजूद रहे।