सैफई के एथलेटिक्स स्टेडियम में कुल सात जिलों के 1308 विकलांगों का 98.40 लाख रुपये के सहायक उपकरण बांटे गए। सीएम अखिलेश यादव की उपस्थिति में व्हील चेयर, ट्राई साइकिल, बैसाखी, छड़ी, ब्लाइंड स्टिक, कान की मशीन पाकर विकलांग लोग काफी उत्साहित दिखे। यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे सरकार बनी है, कोशिश रही है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
सीएम श्री यादव के यहां पहुंचने से पूर्व ही व्यवस्थापकों ने पंजीकृत विकलांगों को उपकरण प्रदान कर दिए थे। जिससे अव्यवस्था नहीं हुई। यह विकलांग लोग अपने अपने सहायक उपकरणों के साथ मैदान में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने उनके बीच जाकर कुछ विकलांग लोगों से बातचीत भी की। पूछा कहां कहां से आए हैं और अब यहां से कैसे जाएंगे। कई विकलांग लोगों ने कहा कि वह अपने साधन से आए हैं।
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जहां कई नई योजनाएं शुरू की है। वहीं विकलांगों के लिए लखनऊ में यूनीवर्सिटी भी स्थापित की हुई है। जहां निशुल्क शिक्षा मुहैया होती है। यहीं नहीं पहले जहां कृत्रिम उपकरण हासिल करने के लिए विकलांगजनों को जयपुर जाना पड़ता था। अब इसी यूनीवर्सिटी में यह उपकरण काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इस निशुल्क विकलांग उपकरण वितरण शिविर में 1207 ट्राई साइकिल, 34 व्हीलचेयर, 270 बैसाखी, 52 कान की मशीन, 9 ब्लाइंड स्टिक और 5 छड़ी वितरित की गई। इसमें नवजागृति जसवंतनगर की स्वयंसेवी संस्था एवं एल्मिको कानपुर का योगदान रहा।
उपकरण पाने वालों में इटावा के अलावा मैनपुरी, फिरोजाबाद, औरैया, आगरा, सीतापुर, कन्नौज आदि जिलों के विकलांग शामिल रहे। यहां मौजूद विकलांग लाभार्थी उपकरण मिलने से उत्साहित दिखे। कार्यक्रम का संचालन डा. लक्ष्मीपति वर्मा ने किया।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, महोत्सव अध्यक्ष सांसद धर्मेंद्र यादव, मैनपुरी सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, स्वयंसेवी संस्था के शिवाकांत जैन, सीडीओ डा.अशोक चंद्र, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी रजनीश पांडेय आदि मौजूद रहे।