जिले में भी अवैध शराब का कारोबार होता है। दूसरे प्रांतों की शराब के साथ ही लहन से तैयार करके यहां भी शराब गांव-गांव और ढाबों पर बेची जाती है। समय-समय पर आबकारी विभाग की ओर से अभियान चलाए जाने के दौरान अवैध शराब की बिक्री करने वालों को पकड़ा भी जाता है।
कम पैसे के चक्कर में नशे के आदी लोग इस शराब का सेवन करते हैं। वित्तीय वर्ष में अभी तक आबकारी की टीम जिले भर से 6534 लीटर अवैध शराब बरामद का चुकी है। इसके साथ ही आबकारी टीम 595 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा चुकी है।
काम के हिसाब से स्टाफ न होने के कारण अफसर उतनी सख्ती नहीं कर पाते जितनी उन्हें करनी चाहिए। अवैध शराब की बिक्री के मामले में इटावा कहीं भी पीछे नहीं है। सरकारी ठेकों से लेकर गांव व हाइवे किनारे के ढाबों में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री होती है।
अवैध शराब में वह शराब शामिल है जो दूसरे प्रांतों से तस्करी करके यहां लाई जाती है, साथी ही जो गन्ने और महुआ के लहन से जिले में ही बनाई जाती है। कहीं-कहीं तो अवैध शराब की बिक्री इलाकाई पुलिस की साठगांठ से भी होती है। कई बार पुलिस खाली शीशी, ढक्कन और रैपर भी बरामद कर चुकी है।
इस वित्तीय वर्ष में अप्रैल से लेकर अब तक आबकारी की टीम 6534 लीटर अवैध शराब पकड़ चुकी है। पुलिस ने 595 एफआईआर भी दर्ज कराई है। दिसंबर महीने में ही आबकारी की टीम ने 728 लीटर शराब बरामद करके 69 एफआईआर दर्ज कराई हैं।
जिले में तस्करी के साथ ही कच्ची शराब की बिक्री कम नहीं है। गन्ना और महुआ के लहन से वाष्पीकरण द्वारा भी शराब तैयार की जाती है। जसवंतनगर, भरथना और बसरेहर क्षेत्र में इस तरह की शराब सबसे ज्यादा तैयार होती है। इसके बाद इसमें नींद की और नशीली गोलियों को मिलाया जाता है।
दिसंबर के महीने में आबकारी की टीम ने जसवंतनगर क्षेत्र में छापामार कार्रवाई के दौरान कई लीटर लहन बरामद करके उसे नष्ट किया था। अवैध शराब की बिक्री को रोकने का कार्य पुलिस के साथ आबकारी टीम का है। आबकारी विभाग में स्टाफ की कमी के कारण छापामार कार्रवाई प्रभावित होती है।
सैफई में शराब बरामद
सैफई थाने में तैनात एसआई अवधेश यादव अपने हमराह फोर्स के साथ गश्त पर थे तभी उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध शराब के साथ चमरौआ चौराहा के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति के पास मिली बोरी से पुलिस ने देशी शराब के 168 पौव्वा बरामद किए हैं। एसआई अवधेश यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।