फोटो 40: मशीन से मॉडल तहसील का कट बंद करते कर्मी। संवाद
जसवंतनगर। नेशनल हाईवे स्थित मॉडल तहसील के समीप बने अवैध कट को सोमवार शाम बंद करा दिया। आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और हादसों के खतरे को देखते हुए हाईवे प्रबंधन और पुलिस ने यह कदम उठाया है।
अवैध कट बंद होने के बाद अब मॉडल तहसील की ओर आने वाले वाहन चालकों और आम लोगों को करीब एक किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। तहसील जाने के लिए अब बस स्टैंड चौराहे से ही वाहनों को निर्धारित मार्ग से पुल के नीचे होकर आना-जाना होगा। इससे हाईवे पर गलत दिशा में वाहन चलाने और अचानक सड़क पार करने की प्रवृत्ति पर रोक लगने की उम्मीद है।
सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि जल्दबाजी में अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें। हाईवे पर बने अवैध कटों से निकलने से बचें और निर्धारित रास्तों का ही इस्तेमाल करें। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के पहले दिन की गई इस कार्रवाई में हाईवे के इंसिडेंट मैनेजर सुनील चौहान और थानाध्यक्ष कमल भाटी मौजूद रहे।