पुलिस महानिरीक्षक कानपुर क्षेत्र आशुतोष पांडेय मंगलवार को बकेवर थाना क्षेत्र के लखना कस्बा में पड़ी डकैती के पीड़ितों से मुलाकात करने पहुंचे। उन्होंने थाना पुलिस को शीघ्र वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए। बालक आकाश के साहस की सराहना की। उन्होंने उसे एक हजार रुपये का इनाम भी दिया। इसके अलावा उन्होंने एक महिला की शिकायत पर टकरूपुरा गांव में जाकर जानकारी ली। उन्होंने थानाध्यक्ष बकेवर व लवेदी को अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए।
आईजी आशुतोष पांडेय लखना कस्बा में विक्रम के यहां पहुंचे। विक्रम के यहां 19 मार्च की रात को डकैती पड़ी थी। डकैतों ने विक्रम, उसकी पत्नी व बेटे आकाश को पीटने के बाद लूटपाट की थी। आईजी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बताया गया कि वारदात के समय आकाश (11) डकैतों से भिड़ गया था। उन्होंने उसके साहस की प्रशंसा की और उसे एक हजार रुपये का इनाम दिया।
उन्होंने लखना चौकी इंचार्ज को पीड़ित परिवार की हर तरह से मदद करने के निर्देश दिए। इससे पहले आईजी बकेवर कस्बा के मोहल्ला आजादनगर पहुंचे। यहां रंजीत पुत्र हरीबाबू को 24 फरवरी को उस समय गोली मारकर घायल कर दिया गया था जब वह लखना कस्बा स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे।
पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की थी। गोली लगने से हरीबाबू की आंख डैमेज हो गई है। परिवारीजनों ने रिपोर्ट में धारा 326 बढ़ाए जाने की मांग की थी। पुलिस के अनसुनी करने पर हरीबाबू की मां ने कानपुर जाकर आईजी आशुतोष पांडेय से शिकायत की थी।
इसके बाद आईजी मंगलवार को उनके घर पहुंचे और पीड़िता से वार्ता की। बाद में वे आरोपी शिवम अग्निहोत्री के गांव टकरूपुरा गए। उन्होंने एसओ बकेवर और लवेदी को अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उनके साथ एएसपी सर्वानंद यादव, सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।