फोटो 35::::मतदान करके केंद्र से बाहर निकालते प्रो. रामगोपाल यादव। संवाद
सैफई। समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि यदि राजकुमार भाटी विवादित बयान देते रहे तो उन्हें पार्टी के प्रवक्ता पद से हटा दिया जाएगा। शुक्रवार को शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में मतदान करने के लिए सैफई पहुंचे प्रो. यादव ने भाटी के खिलाफ कार्रवाई से जुड़े सवाल पर यह बयान दिए। उन्होंने शिक्षक-स्नातक निर्वाचन में सपा प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए कहा कि अलीगढ़, इटावा, फिरोजाबाद और आगरा में पार्टी की स्थिति मजबूत है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का स्टैंड क्या होगा, यह जल्द ही स्पष्ट हो जाएगा। शुक्रवार को सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद प्रो. रामगोपाल यादव ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी की भारी मतों से जीत का भरोसा जताया।
मतदान के दौरान गड़बड़ी और मतदाताओं को परेशान किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि औरैया में एक-दो स्थानों पर ऐसी सूचना मिली थी। इस पर उन्होंने चुनाव आयोग और जिले के पुलिस अधीक्षक से बात की, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। उन्होंने कहा कि अन्य स्थानों से गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
मतदाता सूची में त्रुटियों के सवाल पर प्रो. यादव ने कहा कि मतदाताओं को समय रहते सूची की जांच करानी चाहिए और गड़बड़ी मिलने पर आपत्ति दर्ज करानी चाहिए। हर बात के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
-
2027 के विधानसभा चुनाव से न जोड़ें
शिक्षक-स्नातक निर्वाचन के आगामी विधानसभा चुनाव पर असर से जुड़े सवाल पर प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि इन चुनावों को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखना उचित नहीं है। उन्होंने विधान परिषद चुनाव में सपा प्रत्याशियों की जीत का भरोसा जताया।