सरायमिट्ठे गांव के सामने हाईवे पर मंगलवार देर शाम छुट्टा जानवर से बचने में एक बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
इसमें बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसकी पत्नी व बेटा घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आसपास के लोगों ने बताया कि युवक ने हेलमट नहीं पहन रखा था।
वैदपुरा थाना क्षेत्र के बोराइन गांव निवासी योगेश (32) पुत्र दयाराम अपनी पत्नी रुचि और बेटे गोलू के साथ बाइक से औरैया जा रहा था। मंगलवार देर शाम बकेवर थाना क्षेत्र के सरायमिट्ठे गांव से गुजरते समय हाईवे पर उसकी बाइक के सामने छुट्टा जानवर आ गया।
योगेश ने बाइक को टक्कर से बचाने के लिए एक तरफ काटा, नियंत्रण न रख पाने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इससे तीनों लोग सड़क पर गिर गए। हाईवे से गुजरते लोगों ने पुलिस को खबर कर दी।
उप निरीक्षक लक्ष्मण सिंह ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां योगेश की मौत हो गई। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।