किसानों से बात करते पुलिस कर्मी
- फोटो : ETAWAH
बसरेहर। फर्रुखाबाद मार्ग पर चौबिया-गंगापुरा के बीच इंडियन ऑयल की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। शनिवार को पंचायत चौबिया के गांव नगलादया के ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कार्य शुरू कराया।
गांव के शारदा प्रसाद, नीरज कुमार, अरविंद, उदल सिंह, वीरेंद्र सिंह, सतीश कुमार का कहना है कि फसल कटने के बाद ट्रैक्टर चलाकर पाइप लाइन डाली जाए। किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और महिलाओं ने करीब एक घंटे तक कोई कार्य नहीं होने दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इंडियन ऑयल के अधिकारी फैजान खान ने चौबिया पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कराया। इससे ग्रामीणों से नोकझोंक भी हुई।
लेखपाल ओम प्रकाश प्रजापति ने बताया कि किसानों को सर्किल रेट के हिसाब से मुआवजा दिया जा रहा है लेकिन किसान अपने हिसाब से मुआवजे की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर किसानों का कहना है कि सर्किल के हिसाब से मुआवजा तो ठीक है लेकिन इटावा-फर्रुखाबाद मार्ग की जमीन का मुआवजा प्लॉट के हिसाब से मिले। थानाध्यक्ष अंकुश राघव का कहना है कि ग्रामीणों को समझाकर कार्य शुरू करा दिया गया है।