ब्लाक सभागार में श्रम विभाग की ओर से लगाए गए पंजीयन शिविर में ब्लाक क्षेत्र के सैकड़ों श्रमिकों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान कनिष्ठ लिपिक विक्रम सिंह ने बताया कि श्रम विभाग में श्रमिकों द्वारा पंजीयन कराए जाने से शासन के द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।
इसमें पंजीयन का सौ रुपया शुल्क लिया जा रहा है। इसमें पचास रुपया अंशदान व पचास रुपया प्रमाणपत्र फीस है।
उन्होंने बताया कि इसमें पांच लाख का दुर्घटना बीमा, स्वाभाविक मौत पर एक लाख पच्चीस हजार रुपया मिलेगा। शिशु हिताय लाभ योजना के अंतर्गत पुत्र जन्म पर 10 हजार रुपये तथा पुत्री जन्म पर 12 हजार रुपये का लाभ दो वर्ष में दो बार मिलेगा।
यह लाभ दो बच्चों तक ही मिलेगा। गंभीर बीमारी सहायता योजना के अंतर्गत जैसे एचआईवी, कैंसर, बीमारी आदि का इलाज विभाग द्वारा कराया जाएगा। सौर ऊर्जा सहायता योजना में फार्म भरने पर लाभार्थियाें को लाथ मिलेगा।
मेधावी छात्र-छात्रा पुरस्कार योजना के अंतर्गत कक्षा पांच से लेकर उच्चशिक्षा तक प्रथम श्रेणी में पास होने पर प्रवेश प्रक्रिया तक अनुदान मिलेगा। श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा के लिए विद्यालय की भूमि जिलाधिकारी के द्वारा खोजी जा रही है। मिलने पर विद्यालय खोला जाएगा।
इस मौके पर विभाग के मनोज कुमार, किशनकांत सहित ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार यादव, अतिवल सिंह आदि मौजूद रहे।