तारों को जोड़ने का काम करते बिजली विभाग के कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कस्बे में अफरातफरी मच गई। एक दुकान में आग लगते बची। रास्ते से निकल रहे तीन राहगीर झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कस्बे के तिराहे पर बुधवार दोपहर अचानक लाइन फाल्ट हुआ तो एचटी लाइन के दो तार टूट कर गिर गए। जिससे तिराहे के आसपास अफरातफरी मच गई। दुकानदार दुकानें छोड़कर बाहर भागने लगे। इसी बीच भूरे टेलर की दुकान के ऊपर टिन में उतरे करंट से दुकान के बाहर आग लग गई। लाइन चालू होने के कारण कोई नजदीक नहीं गया। बाद में लोगों ने फोन करके पावर हाउस पर सूचना दी। तब जाकर शट डाउन हुआ और लोगों ने आग बुझाई। इसी बीच गौरी शंकर निवासी बिधूना व दो अन्य राहगीर जमीन पर पड़े तारों की चपेट में आकर झुलस गए।
वहीं ऊसराहार में एचटी लाइन मकानों के समीप से खींचे जाने से लोगों में आक्रोश है। क्योंकि नई लाइन सड़क किनारे बने मकानों के नजदीक से गुजरी है। तारों के नीचे जाल तक नहीं लगाए गए हैं जो सीधा हादसों को दावत दे रहे हैं। लोगों का कहना है जिस समय यह लाइन चालू होगी और अगर तार टूटने जैसा हादसा हुआ तो बड़ा हादसा हो जाएगा। इस संबंध में अवर अभियंता गिरजाशंकर वर्मा ने बताया हादसे की सूचना मिलते ही टूटे तारों को हटाकर लाइन को ठीक कर दिया गया है।