लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र ताखा पहुंचे, वहां उन्होंने एसी कार छोड़कर साइकिल रैली में साइकिल चलाकर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। बगैर किसी पूर्व घोषित कार्यक्रम के साइकिल पर निकले केबिनेट मंत्री का जनता ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने एक ओर जहां सरकार की उपलब्धियां जनता को गिनाई, वहीं थाना और तहसील के अधिकारियों को कर्मचारियों पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि अभी भी नहीं सुधरे हैं ये दोनों विभाग ।
अमथरी में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने कहा सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में सड़कों का जाल बिछा दिया है। बंबा और नहरों में जहां टेल तक पानी पहुंचा कर किसानों को समय पर फसल के लिए पानी उपलब्ध कराया है। वहीं सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सभी जाति धर्मो से ऊपर उठकर हर वर्ग के लिए विकास योजनाएं दी हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन जन तक पहुंचाने की अपील की।
मंगलवार को लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ताखा क्षेत्र के अमथरी पहुंचे, वहां से निकल रही साइकिल यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने स्वयं यात्रा में पहुंचकर एक साइकिल ले ली। जनता को संदेश देते हुए वह साइकिल रैली में चले।
काफिले में उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष अशोक यादव, विधायक प्रदीप यादव, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि जयराज सिंह यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरपाल सिंह यादव, युवजन सभा के प्रदेश सचिव ध्रुव यादव, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामनरेश यादव, प्रधान राजीव गुप्ता, ताले सिंह यादव, जिला सचिव वीरेंद्र शाक्य, संग्राम सिंह चौहान, लक्ष्मीकांत, शीलू यादव, सीमा यादव, विमला यादव, जिला पंचायत सदस्य सुरेश यादव, लोकदल राजकुमार चक्रवर्ती सहित तमाम सपा नेता शामिल हुए।
रैली में शिवपाल सिंह यादव की साइकिल तेज दौड़ रही थी। बाकी नेता उनके पीछे अपनी साइकिल दौड़ा रहे थे। अमथरी से लेकर नगरिया यादवान तक छह किलोमीटर तक साइकिल चलाकर रैली का नेतृत्व किया। साइकिल रैली सरावा, नगला पछांय, नगला मतन बेलाहार होते हुए मामन पहुंची जहां रैली को विश्राम दिया गया।बाद में रैली को आगे रवाना कर वह एसएस मेमोरियल महाविद्यालय सुतियानी मोड़ चले गए ।