इटावा। राजकीय इंटर कालेज ग्राउंड पर इटावा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित प्रथम युवा जोश 20-ट्वेंटी कप के फाइनल में एसएमजीआई ने शौर्य क्लब को आठ विकेट से हराकर कप पर कब्जा कर लिया।सोमवार को खले गए फाइनल मुकाबले में टास शौर्य क्लब के कप्तान इरशाद ने जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। शौर्य क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। शौर्य क्लब ने 28 रन पर ही 7 विकेट गिर गए। 8वां विकेट 41 रन स्कोर पर गिर गया।
इसके बाद हिमांशु शर्मा एवं रिषी ने 34 रन की साझेदारी कर टीम का स्कोर निर्धारित 15 ओवरों में आठ विकेट पर 75 रन पहुंचा दिया। हिमांशु ने नाबाद 18 रन बनाए। एसएमजीआई की ओर से अन्न सिंह एवं तौकीर ने दो दो, बृजेंद्र, पुष्पेंद्र और दिनेश ने एक-एक विकेट लिया। एसएमजीआई के सलामी बल्लेबाज आसिफ व सौरभ ने ताबड़तोड़ शुरुआत कर निखिल वर्मा के पहले ही ओवर में 17 रन बना डाले। एसएमजीआई के विजयी लक्ष्य 9.5 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर पा लिया जिसमें सौरभ अवतार ने 21 गेंदों में पांच चौके व एक छक्के की सहायता से नाबाद 31, आलोक यादव नाबाद 16, आसिफ ने 17 रन बनाए। गेंदबाजी में शौर्य की ओर से राजा मेव व रिषी ने एक एक विकेट प्राप्त किया। मैन आफ दी मैच पुष्पेंद्र सिंह ने तीन ओवर में चार रन पर एक विकेट लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में इटावा क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष वरिष्ठ खिलाड़ी विवेक तिवारी ने अंपायर शालू खान, अकरम मंसूरी, मयंक चौहान, गुलजार गामा को सम्मानित किया। मैन आफ दी फाइनल पुष्पेंद्र सिंह और सद्दाम अंसारी प्लेयर आफ दी टूर्नामेंट रहे। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। एसएमजीआई की टीम को युवा जोश कप ट्राफी प्रदान की गई।
इस मौके पर ईसीए अध्यक्ष सर्वेश चौहान, वालेश सैनी, ओमकार नाथ वर्मा, कपिल चौबे, नाजिम अब्बासी, फैजान खान, मुजीब राजू, अबु तालिब, रहीसउद्दीन राइनी, पवन कुमार, गुड्डू खान, अब्बास खान आदि उपस्थित रहे।