फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे में स्टंट कर रहे कार सवारों ने बालक को रौंदा

Sun, 19 Apr 2015 11:26 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने स्टंटबाजी में हथठेला लगाए किशोर समेत तीन लोगों को रौंद दिया। किशोर की मौके पर मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


कुछ लोगों ने कार को पकड़ने का प्रयास भी किया था लेकिन चालक गाड़ी भगा ले गया। कार भगाते समय कुछ अन्य लोग भी बाल-बाल बचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के स्टेशन बजरिया में हुई। शनिवार की रात करीब 9.30 बजे एक कार में सवार कुछ युवक रेलवे वाहन स्टैंड की ओर से आ रहे थे। बताया जा रहा है कि वे सभी शराब के नशे में धुत थे। अचानक स्टंट करते हुए स्टेशन पर उन्होंने कार की स्पीड बढ़ा दी।
विज्ञापन


अनियंत्रित गाड़ी ने होटल राजदरबार के पास पराठे का ठेला लगाए सुरेश चंद्र पुत्र बाबूराम निवासी कांशीराम कालोनी को जोरदार टक्कर मारी। ठेले पर पराठे खा रहा तेजराम पुत्र लाल बहादुर निवासी ऊंचा इस्लामाबाद थाना किशनी भी कार की चपेट में आकर घायल हो गया। कार की टक्कर से सुरेश का हथठेला भी टूट गया।

इसके बाद कार चालक ने बड़ी तेजी से कार मोड़ी और भागने का प्रयास किया। वहीं पर पानी के बताशे बेचने वाला किशोर सुमित (16) पुत्र राघवराम कोरी अचानक कार की चपेट में आ गया। कार की जोरदार टक्कर लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका हाथठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। तीन लोगों को टक्कर मारने के बाद कार चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी।

इस बीच मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन कार चालक ने स्पीड कम नहीं की और वह गाड़ी लेकर फरार हो गया। कई अन्य लोग भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।

घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उसने मृतक सुमित के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

आया था पैसा कमाने, मिल गई मौत
जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी मृतक सुमित के पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में मां, एक बड़ा भाई तथा एक बहन है। खेतीबाड़ी न होने से परिवार के लोग मजदूरी कर पेट पालते हैं। इसी साल कक्षा आठ पास करने के बाद सुमित भी मजदूरी करने लगा था।

उसके कुछ रिश्तेदार इटावा में पानी के बताशे बेचने का काम करते है। एक माह पूर्व वह भी यहां आ गया था और रेलवे स्टेशन पर बताशे का ठेला लगाने लगा था। शनिवार की रात बेकाबू कार ने उसे चपेट में ले लिया।

पोस्टमार्टम हाउस में सुमित के शव को देखकर भाई तथा मां का रो रोकर बुरा हाल था। लोगों का कहना है कि वह पैसे कमाने के लिए आया था लेकिन उसे मौत मिल गई।

पराठे बेचकर सुरेश करता है परिवार का पोषण
बेकाबू कार की चपेट में आकर घायल हुए सुरेश ने बताया कि वह पिछले 20 साल से यहां पर ठेला  लगाकर पराठे बेचकर अपने परिवार का गुजारा करता है। सुरेश ने बताया कि वाहन स्टैंड की ओर से तेज गति से आई कार ने उसके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया।

हादसे में ठेला टूटने से उसका हजारों का सामान भी बर्बाद हो गया है। उसके ठेले पर पराठे खाने के लिए आया तेजराम भी घायल हो गया है। हादसे के बाद कार ने बगल में पानी के बताशे के ठेले में भी टक्कर मार दी। इसके बाद चालक कार लेकर फरार हो गया।

शराबियों का अड्डा बना रेलवे कैंपस
रेलवे स्टेशन के पास अंग्रेजी, देशी तथा बीयर की दुकानें हैं। शाम ढलते ही यहां पर शराबियों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। कार में सवार होकर आने वाले लोग भी यहां पर शराब खरीदते हैं।

स्टेशन परिसर में गाड़ी खड़ी कर शराब पीते हैं। इसके अलावा स्टेशन बजरिया के  आसपास लगने वाले हाथ ठेला वालों के पास खड़े होकर अक्सर शराब पीते देखे जाते है। शराब पीने वालों को खदेड़ने के लिए पुलिस कभी-कभार अभियान भी चलाती है लेकिन फिर से वही आलम हो जाता है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद भागती कार को कोई भी रोकने का प्रयास करता तो वह भी हादसे का शिकार हो जाता।

डिवाइडर से भिड़ा डंपर, तीन घायल, अन्य सड़क हादसों में भी छह जख्मी
इटावा। इकदिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाइवे पर पिलखर के  पास डंपर का अगला टायर अचानक फट गया। इससे असंतुलित होकर वह डिवाइडर से टकरा गया। हादसे में डंपर में सवार तीन लोग घायल हो गए। इसके  अलावा अन्य सड़क हादसों में भी छह लोग जख्मी हो गए। घायलों को भर्ती कराया गया है।

पिपरौली थाना गोहद जिला भिंड निवासी वंशी पुत्र माधवसिंह डंपर चालक है।  वह अपने साथी कंचन व प्रदीप निवासी लुहन्ना के साथ गिट्टी उतारने के लिए इकदिल गया था। वापस लौटते समय नहर पुल के पास अचानक डंपर का अगला टायर फट गया। इससे गाड़ी असंतुलित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई।

हादसे में वंशी, कंचन और प्रदीप घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। दूसरी घटना इकदिल कस्बे में पेट्रोल पंप के पास हुई है। जहां पर मारुति की चपेट में आने से रामलखन पुत्र घासीराम निवासी नगला तार घायल हो गए।

उदयपुरा थाना बसरेहर के पास अज्ञात वाहन की टक्क र लगने से रामनारायण पुत्र मोतीलाल निवासी आलमपुर तुरैया बैर थाना भरथना जख्मी हो गया। उधर वैदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिचपुरी खेड़ा नहर पुल के पास दो बाइकों की भिड़ंत में बाबा पुत्र सुरेंद्र सिंह तथा गोल्डन पुत्र रामवीर सिंह यादव निवासी नगला निशान थाना मोहम्मदाबाद फर्रुखाबाद घायल हो गए।
विज्ञापन


दूसरी बाइक पर सवार बलवीर सिंह पुत्र देव सिंह निवासी महातुआ थाना इकदिल व उनकी पत्नी सुनीता घायल हो गईं। जिला अस्पताल में सभी को भर्ती कराया गया है।  

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें