फोटो 40: पुलिस की मुठभेड़ के बाद घायल अरुण उर्फ लऊवा को ले जाती पुलिस। स्रोत विभाग
-चौबिया पुलिस की जवाबी फायरिंग में दाहिने पैर में लगी गोली
कार और अवैध असलहा बरामद, संतोषपुर कांड का मुख्य आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। चौबिया पुलिस ने शुक्रवार को थुलरई-बीना मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद सैफई थाने के शातिर हिस्ट्रीशीटर अरुण उर्फ लऊवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार शाम थाना प्रभारी चौबिया महेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी कार से सैफई से बीना होते हुए मैनपुरी की तरफ जा रहा है। कुछ ही देर में पुलिस को एक कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब कार को रुकने का इशारा किया, तो कार सवार ने गाड़ी को कीरतपुर की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम के पीछा किए जाने पर कार अनियंत्रित होकर झाड़ियों से टकरा गई। खुद को घिरा देख कार सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें शातिर अरुण उर्फ लऊवा निवासी भदेही, चौबिया घायल हो गया। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में बदमाश ने कबूला कि 20 अप्रैल को चौबिया के उनबा संतोषपुर में हुई वन अधिनियम व जानलेवा हमले की वारदात को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
पुलिस ने बदमाश के पास से तमंचा, तीन जिंदा, दो खोखा कारतूस व एक बिना नंबर की कार, दो मोबाइल व एक हॉकी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर अरुण उर्फ लऊवा सैफई थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ सैफई, वैदपुरा, सिविल लाइंस, फ्रेंड्स कॉलोनी और चौबिया में हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा एक्ट और आर्म्स एक्ट के 10 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बिना नंबर की बरामद कार को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।