मृतक किसान प्रमोद शाक्य का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
तेज घूप में खेतों पर पानी लगा रहे 46 वर्षीय किसान की अचानक मौत हो गई। थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित ऊमरसेंडा निवासी 46 वर्षीय प्रमोद शाक्य पुत्र श्रीराम शाक्य मंगलवार की सुबह अपने खेतों पर ट्यूबवैल से पानी लगाने गया था। वहीं पर अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। वह खेत पर गिर पड़ा । ग्रामीण श्यामवीर ने बताया कि जब कुछ समय बाद उसकी पत्नी शकुंतला खेत पर गई तो उसने पति को जमीन पर पड़ा देखा, उसके होश उड़ गए। परिजनों की मदद से प्रमोद को पास के ही अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया।
शकुंतला ने बताया कि उसके पति के पास मात्र तीन बीघा खेत है, जिससे व मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। परिवार में कोई और कमाने वाला नहीं रहा। प्रमोद अपने पीछे पांच बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रमोद कुमार तिवारी ने किसान की मौत के बारे में जानकारी की। पारिवारिक लाभ योजना अंतर्गत सहायता दिलाई जाएगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित अन्य ग्रामीणों ने किसान की मौत पर स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।