अंडर ब्रिज में लगे जाम को खुलवाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्थित शहर के मैनपुरी रेलवे क्रासिंग अंडर ब्रिज में मंगलवार को तीन कारों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच में से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरी कार में सवार पांच तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। वहीं तीसरी कार ऑडी के टक्कर लगते ही एयर बैग खुल जाने से उसमें सवार लोग पूरी तरह से सुरक्षित बच गए और घटना के बाद कार छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और ऑडी को अपने कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार अपराह्न चार बजे मैनपुरी क्रासिंग अंडर ब्रिज में यह हादसा तब हुआ, जब शहर की ओर से जा रही ऑडी कार और मैनपुरी से आ रही वेगनार कार में जोरदार टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे ही चल रही मैनपुरी से ही आ रही एक अन्य वैगनआर भी इन दोनों गाड़ियों में जा घुसी। दुर्घटना में पहली वैगनार के परखच्चे उड गए और कार फुटपाथ पर जा गिरी।
जोरदार टक्कर से वेगनार में सवार चालक पंकज पुत्र सुखविंदर निवासी रठैरा दबहा मैनपुरी, राजकिशोर पुत्र दीपचन्द्र निवासी सुतयाना मैनपुरी, प्रवीन यादव पुत्र रामदास निवासी मैनपुरी, अनमोल पुत्र विश्वनाथ यादव निवासी ओछा मैनपुरी व संदीप पुत्र मानसिंह निवासी करहल चौराहा मैनपुरी घायल हो गए, जिसमें पंकज, अनमोल व संदीप को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से सैफई मिनी पीजीआई रिफर कर दिया गया।
वहीं पीछे से आकर घुसी वेगनार में आशीष दीक्षित पुत्र गोविंद निवासी अशोक नगर इटावा, उनकी सास बीना चतुर्वेदी पत्नी ब्रज किशोर निवासी नौबस्ता कानपुर, शशि पांडेय पत्नी ग्रीस पांडेय निवासी साकेत नगर कानपुर व आशीष की पत्नी व एक बेटी सवार थे, जिसमें सभी को मामूली चोटें आई और जिला अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
वहीं वेगनार से भिड़ी ऑडी कार में सुरक्षा के लिए लगे एयर बैग टक्कर लगते ही खुल गए, जिससे कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और घटना स्थल से भाग निकले। घटना की सूचना पर थाना पुलिस के साथ सीओ सिटी शिवराज सिंह व एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस दुर्घटना के चलते अंडर ब्रिज में यातायात काफी देर तक बाधित बना रहा और आसपास के लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जुटी रही।