ओपीडी में मरीजों की जांच करते हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर सर्राफ ।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) डॉ. समीर सर्राफ प्रत्येक सोमवार एवं गुरुवार को हृदय रोगियों को देखेंगे। डॉ. समीर ओपीडी के कमरा नं. 7 में मरीजों को देखेंगे। यह जानकारी विश्वविद्यालय के कुलसचिव जितेंद्र प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने यह भी बताया कि हाल के वर्षों में हृदय से संबंधित बीमारियों में इजाफा हुआ है। इसी के चलते विश्वविद्यालय के कार्डियोलॉजी विभाग ने नियमित रूप से हृदय रोगियों के लिए ओपीडी शुरू की है। हृदय की बीमारियों से संबंधित यह ओपीडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. (ब्रिगे) टी. प्रभाकर के निर्देशानुसार नियमित रूप से सप्ताह में अभी दो दिन शुरू की जा रही है।
भविष्य में मरीजों की सुविधा को देखते हुए बढ़ाया जा सकता है। कुलसचिव जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डॉ. समीर सर्राफ ने केजीएमसी लखनऊ से एमडी मेडिसिन तथा डीएम कार्डियोलॉजी किया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. (ब्रिगे.) एसके गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय में पहले से ही सुपरस्पेशियलिटी कार्डियो वैस्कुलर एवं थोरोसिक सर्जरी विभाग में नियमित रूप से एंजियोग्राफी तथा एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
इसके साथ ही हार्ट से संबंधित सभी छोटे-बडे़ ऑपरेशन भी नियमित रूप से किए जा रहे हैं। जिसमें पेरिफेरल एंजियोग्राफी, पेसमेकर प्रत्यारोपण, कोरोनरी आर्टरी बाईपास सर्जरी, फेंफड़ों एवं नसों की सर्जरी के साथ ही हृदय सर्जरी भी नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने बताया कि हृदय रोग के मरीज अब कम खर्चे में उचित इलाज विश्वविद्यालय में ही करा सकते हैं।