इटावा। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए प्रशासन ने बच्चों के इलाज के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में जिला अस्पताल की महिला विंग में बने कोविड एल-टू अस्पताल में 20 बेड का पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) वार्ड बनाया जा रहा है। इसका खाका तैयार कर लिया गया है। इसमें बच्चों के इलाज के लिए सभी सहूलियतें मिलेंगी। वार्ड में एक वर्ष से अधिकतम 18 साल तक के बच्चों और युवाओं का इलाज होगा। जून के अंत तक पीआईसीयू वार्ड बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है।
पीआईसीयू को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। शासन से आदेश आने के बाद सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने चार बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमेटी गठित कर दी है। इसमें डॉ. आलोक कुमार, डॉ. जुबैर, डॉ. शादाब आलम व डॉ. बीएल संजय शामिल हैं। डॉ. बीएल संजय को नोडल अफसर की जिम्मेदारी दी गई है। वह पीआईसीयू के निर्माण से संचालन तक का काम संभालेंगे।
सीएमओ डॉ. भगवान दास ने बताया कि जिला अस्पताल परिसर स्थित कोविड-एल टू अस्पताल में पीआईसीयू बनाया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस पीआईसीयू में वेंटिलेटर, विशेषज्ञ डॉक्टर, स्टाफ के साथ ही जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था होगी।
ऑक्सीजन प्लांट लगेगा
महिला विंग में पीआईसीयू के लिए अलग से ऑक्सीजन प्लांट बनेगा। इससे पीआईसीयू वार्ड में ऑक्सीजन की सप्लाई होगी। इसके लिए महिला विंग के बगल में भूमि चिन्हित कर ली गई है। प्लांट का निर्माण करने वाले कंपनी ने सर्वे भी कर लिया है।
प्रशिक्षण के लिए नोएडा जाएंगे डॉक्टर व नर्सें
पीआईसीयू को संचालित करने के लिए जिला अस्पताल के चार बाल रोग विशेषज्ञ व चार स्टाफ नर्सों को नोएडा स्थित मेडिकल कालेज में एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिन डॉक्टरों व नर्सों को प्रशिक्षण के लिए भेजा जाना है, उनके नाम आला अफसरों को भेज दिए गए हैं। प्रशिक्षित डॉक्टर व नर्सों की मदद से पीआईसीयू का सफलतापूर्वक संचालन किया जाएगा।