लवेदी। मौसम का मिजाज बदलने से बीमारियों ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। इधर तीन-चार दिन में बारिश और चटक धूप से मौसम बदलता रहा है। इसकी वजह से सर्दी, जुकाम, खांसी व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है। सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में रोजाना मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। डॉक्टरों की सलाह है कि मौसम के इस बदलाव में सतर्कता बरतने की जरूरत है। थोड़ी-सी लापरवाही सेहत खराब कर सकती है।
सप्ताह भर से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कभी तेज आंधी-बारिश और ठंडी हवाएं चलने लगती हैं। कभी तेज धूप होने लगती है। शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप के साथ उमस रही। मौसम का यह बदलाव लोगों की सेहत के लिए हानिकारक है।
कानपुर मंडल के सेवानिवृत्त सहायक निदेशक स्वास्थ्य डॉ. एसके सिंह भदौरिया ने कहा कि मौसम का बदलाव सेहत पर प्रभाव डाल सकता है। ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। बदलते मौसम में ठंडे पानी से परहेज रखें।