इटावा। ग्रामीण इलाकों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रदेश सरकार ने जिले को 29 स्वास्थ्य उपकेंद्रों की सौगात दी। ग्रामीणों को भी उम्मीद बंधी कि इन उपकेंद्रों के खुलने से उन्हें छोटे-मोटे इलाज के लिए दूर शहर नहीं जाना पड़ेगा। शुक्रवार को जब इन उपकेंद्रों की पड़ताल की गई तो सामने आया कि सरकार की ये सौगात अभी अधूरी है। अधिकतर केंद्रों पर अभी इलाज शुरू ही नहीं हो पाया है, कई पर ताले लटके हैं। वहीं कई केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियुक्ति न हो पाने तथा जरूरी सामान न पहुंच पाने से योजना परवान नहीं चढ़ पाई है।
सैफई संवाद न्यूज के अनुसार क्षेत्र में ग्राम खुशालपुर, फूलापुरा व बिहारी में स्वास्थ्य उपकेंद्र खुला है। खुशालपुरा में उपकेंद्र रमेश यादव के मकान में किराये पर है। ग्रामीण रामवीर, ब्रजेश, सतीश, राजेंद्र आदि ने बताया कि उद्घाटन के दिन तो डॉक्टर आए थे, लेकिन उसके बाद से अभी तक कोई नहीं आया। जिससे उपकेंद्र बंद है।
भरथना संवाद न्यूज के अनुसार ग्राम नगला आशाराम (बेटियापुर) में खोले गए उपकेंद्र में फर्नीचर आदि जरूरी सामान अभी तक नहीं पहुंचा है। इस वजह से ताला बंद है। ग्रामीण मेहरबान सिंह, विनोद कुमार, उर्मिला देवी, मठिया देवी ने बताया कि यहां कोई कर्मचारी नहीं आता। भवन स्वामी योगेंद्र कुमार ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उपकेंद्र खोलने के लिए मकान किराये पर लेने के लिए अनुबंध हुआ था। अभी सामान नहीं पहुंचा है। जबकि नगला भोज(कुर्रा) में संचालित उपकेंद्र के बारे में ग्राम प्रधान आपेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी टीकाकरण कर रहे हैं।
जसवंतनगर संवाद न्यूज के अनुसार क्षेत्र में सराय भूपत, हजरतपुर व रजमऊ में उपकेंद्र खोले गए हैं। उद्घाटन के बाद से अभी तक एएनएम की तैनाती न होने की वजह से ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार का कहना है कि उपकेंद्रों पर जल्द ही एएनएम की तैनाती की जाएगी। फिलहाल एएनएम टीकाकरण में लगी हैं।
ताखा संवाद न्यूज के अनुसार क्षेत्र में आढ़मपुर, पुरैला, नगला पछाय, खिलचीपुर व तिर्खी त्रिलोकपुर में उपकेंद्र खोले गए हैं। इनमें अभी तक एएनएम की तैनाती नहीं की गई है। लिहाजा उपकेंद्र बंद पड़े हैं।
चकरनगर संवाद न्यूज के अनुसार ग्राम चौरेला में नया उपकेंद्र खोला गया है। हरौली के प्रधान मनीष दीक्षित ने बताया कि पहले यह केंद्र उनकी ग्राम पंचायत में खोला जाना था लेकिन बाद में चौरेला में खोल दिया। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री व सांसद से की है। सीएचसी राजपुर के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र यादव ने बताया कि उपकेंद्र किराये के मकान में संचालित है, रोज करीब 10 मरीज आ रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मी प्रियंका तैनात हैं। ग्रामीण उमेश दुबे, कलप सिंह आदि ने बताया कि उपकेंद्र खुलने से उन्हें लाभ मिल रहा है। गर्भवतियों का टीकाकरण भी हो रहा है।
इकदिल संवाद न्यूज के अनुसार ग्राम मनियामऊ में खोल गए स्वास्थ्य उपकेंद्र में कर्मचारी आ रहे हैं। ग्रामीण लालू प्रसाद ने बताया आशा बहू मिथलेश कुमारी रोज आ रही हैं। एएनएम ऊषा कुमारी रोज बैठ रही हैं।
नोडल अधिकारी व एसीएम डॉ. बीएल संजय का कहना है कि 29 उपकेंद्रों के लिए 17 एएनएम की तैनाती के लिए शासन को लिखा जा चुका है। उनके मिलते ही तैनाती कर दी जाएंगी।
भरथना स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र पर ताला लगा हुआ- फोटो : ETAWAH