इटावा। सीएचसी, पीएचसी और निजी अस्पतालों में गुरुवार से सभी मरीजों के लिए ओपीडी शुरू कर दी जाएगी। दरअसल, कोरोना वायरस की वजह से आम मरीजों के लिए बंद अस्पतालों की ओपीडी को सोशल डिस्टेंसिंग और कुछ शर्तों के साथ खोलने की अनुमति शासन स्तर पर दी गई है।
बुधवार को सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने कुछ दिशा निर्देश भी दिए हैं। इनमें सीएचसी, पीएचसी एवं निजी अस्पताल में आने वाले हर व्यक्ति की इंफ्रारेड थर्मामीटर से स्क्रीनिंग करने के निर्देश है। साथ ही एक रोगी के साथ एक ही तीमारदार आए। मास्क लगाकर आना अनिवार्य है। जुकाम, खांसी, बुखार के अलावा सांस के रोगियों के लिए अलग से जांच अथवा उपचार किया जाए। ज्यादा ओपीडी होने पर एक से अधिक काउंटर लगाएं जाएं।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए हैं कि शुगर एवं उच्च रक्तचाप के रोगियों को एक महीने की दवा दी जाए। इससे उन्हें बार-बार अस्पताल न आना पड़े। अस्पताल में हाथ धोने की व्यवस्था की जाए। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी किया जाए। निजी चिकित्सालय के लिए एक या दो चिकित्सकों से ओपीडी शुरू की जाए। अस्पताल में भीड़ न लगे। हाथ धोने की व्यवस्था की जाए। ओपीडी में स्क्रीनिंग की अलग से व्यवस्था की जाए। साथ ही सुरक्षा उपकरणों में मास्क, ग्लव्स, पीपीई किट उपलब्ध हो। अस्पताल परिसर में सोडियम हाइपो क्लोराइड का छिड़काव किया जाए। मेडिकल वेस्ट निस्तारण की गाइड लाइन का पालन किया जाए। मरीज के साथ तीमारदार के रूप में 60 साल से अधिक उम्र के लोग व गर्भवती महिलाएं को आने की नहीं होगी अनुमति।