इटावा। जिले में बुधवार को 60 और नए पॉजिटिव केस मिलने से कुल 3298 हो गई है। वहीं 79 मरीज डिस्चार्ज भी हुए हैं। इनमें 10 सैफई अस्पताल के और 69 होम आइसोलेट लोग शामिल हैं।
बुधवार को कुल 1529 लोगों के सैंपल एकत्रित किए गए। इनमें जो 60 लोग पॉजिटिव मिले हैं, उनमें 30-30 शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के हैं। लगातार चल रहे इलाज से अब तक कुल 2454 लोग महामारी से ठीक भी हो चुके हैं। 798 लोगों का अभी इलाज जारी है। उधर, 16 दिन से लगातार बढ़ते पॉजिटिव केसों की संख्या भी 1192 हो गई। इस महामारी ने अब तक कुल 46 जानें लील ली हैं।
बुधवार को फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र व इटगांव-बसरेहर में सात-सात, भरथना क्षेत्र में तीन, सिविल लाइन, सराय दयानत, पक्का बाग, बिचपुरी खेड़ा, बढ़पुरा क्षेत्र में दो-दो लोग पॉजिटिव मिले हैं। भरथना क्षेत्र में बुधवार को एक महिला समेत तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। महावीर नगर मोहल्ले के कपड़ा व्यापारी और गिरधारीपुरा मोहल्ले में एक व्यक्ति समेत क्षेेत्र के शेखूपुरा गांव में 50 वर्षीया महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित दीक्षित ने बताया कि तीनों लोग होम आइसोलेट किए गए हैं। पालिका कोविड-19 प्रभारी आदित्य प्रताप सिंह भदौरिया ने सफाई प्रभारी राजेंद्र सिंह के साथ कोरोना संक्रमित पाए गए लोगों के घर व गली में बैरिकेडिंग की और इलाके को सैनिटाइज कराया। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि दलवीर सिंह यादव का सहयोग रहा। इसके अलावा डॉ. रवि राजपूत टीम के लैब टेक्नीशियन विजय कुमार गुप्ता व मोहम्मद अजहर ने संक्रमण के शिकार व्यक्तियों के परिजनों की स्क्रीनिंग करते हुए सैंपल एकत्रित किए।