इटावा। 59 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता की कोरोना से मौत की पुष्टि हुई हैं। इसके साथ 22 नए संक्रमित मिले हैं, जिसमें 13 पीएसी जवान शामिल हैं। अब तक 14 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं और 272 लोग इसकी चपेट में आ चुके हैं।
सीडीओ राजा गणपति आर ने बताया कि 59 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव वरिष्ठ अधिवक्ता शहर के मोतीझील कालोनी में रहते थे। पुष्टि के बाद शानिवार शाम को इनको सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय लाया गया, एक घंटे बाद ही इन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके अलावा रविवार को 22 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें 28 बटालियन पीएसी के 13 जवान संक्रमित हैं। ये हास्टल में रह रहे थे। पूर्व में भी पीएसी के सात जवान पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनकी संख्या 20 हो गई है। इनमें 21 जून को दो तथा 23 जून को पांच जवान पॉजिटिव मिल चुके हैं।
पॉजिटिव मिले अन्य मरीजों में ग्राम कांधनी स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के प्रधानाचार्य के अलावा ग्राम नगला हीरालाल स्थित दूसरे राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के शिक्षक शामिल हैं। कांधनी के राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय को 100 बेड का कोविड अस्पताल बनाया गया है। इसके साथ मोहल्ला धौकरन टोला में 68 वर्षीय वृद्धा के अलावा 3 व 5 वर्ष के दो बच्चे भी शामिल हैं। नखासा में एक 30 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला। करमगंज में 70 वर्षीय सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी पॉजिटिव मिला। पुलिस लाइन का एक 25 वर्षीय पुलिस कर्मी तथा चकरनगर के ग्राम जौनई में एक 23 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। जिले में अब पॉजिटिव मरीजों की संख्या 272 हो गई है। जून में 28 दिन केे अंदर 222 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं, 13 पॉजिटिव मरीजों की मौत हो चुकी है।