भीषण गर्मी के बीच बराही टोला के निकट पथवरिया मस्जिद वाली गली के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। ऊंचाई वाले इस इलाके में एक तो पानी नहीं पहुंच पाता और जब आता भी है तो उसका प्रेशर काफी कम होता है। जिसकी वजह से लोगों को पानी हासिल करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मोहल्ले में बीएसए कार्यालय के सामने बनी टंकी से पेयजल सप्लाई हो रही है। टंकी से मोहल्ले की दूरी अधिक होने की वजह से पर्याप्त प्रेशर नहीं मिल रहा। मोहल्ले के लोगों ने इसकी शिकायत पहले पंप ऑपरेटर से की तो कोई माकूल जवाब नहीं मिला। मोहल्लेवासियों का कहना है कि ऑपरेटर के द्वारा सप्लाई लाइन की चाबी पूरी न खोलने से यह समस्या बनी हुई है। इस बाबत नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि जल निगम से अभी पानी की टंकियां आदि हस्तांतरित नहीं हुई हैं। इसलिए देखरेख का जिम्मा फिलहाल जल निगम का ही है।
मोहल्ले के लोग जल निगम और नगर पालिका के बीच में शीतयुद्ध में फंसे हुए हैं और पेयजल किल्लत को झेल रहे हैं। सुबह से ही पानी की तलाश शुरू हो जाती है। डिब्बा और बाल्टी लेकर सार्वजनिक नलों पर पानी आने की आस में लोग बैठे मिलते हैं।
बराही टोला निवासी विमल बिहारी सक्सेना, इंद्रेश बिहारी सक्सेना, मोहम्मद असलम, बबिता श्रीवास्तव, रामकुमार सक्सेना, सुनीत सक्सेना, सुरेश मिश्रा, राजीव मिश्रा, प्रेम सक्सेना, योगेश सक्सेना, विजय कुलश्रेष्ठ, नितिन आनंद, शिवम, राज, छोटू, श्रेय, सत्यम, पवन, सुनीता, रानी, लक्ष्मी, सुनैना, राखी, रिया ,रष्मि, प्रियंका, प्रिया, हर्र्षित आदि लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से समस्या का समाधान करने की मांग की है।
इस संबंध में पालिका ईओ नीलम चौधरी ने बताया कि इस क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसलिए कम पानी छोड़ा जा रहा है, फिर भी वह पेयजल संकट के इस मामले वह तत्काल दिखवाएगी। यदि कहीं किसी भी स्तर से गड़बड़ी की जा रही है तो उसेे दूर किया जाएगा।