पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के विरोध में विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही।
हालांकि दूसरे दिन भी शहर की बिजली व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन भरथना की बिजली आपूर्ति पांच घंटे ठप रही। कांग्रेस के बाद सपा ने भी हड़ताली विद्युत कर्मियों को समर्थन दिया।
भरथना में बिजली कर्मियों की हड़ताल से नगर क्षेत्र बिजली बाधित रही। नगर क्षेत्र के फीडर नंबर के दो के तहत मंगलवार को सुबह आठ बजे करीब फाल्ट होने से मोहल्ला बालूगंज, जवाहर रोड, सब्जी मंडी, होमगंज, रेलवे स्टेशन, अनवरगंज, कृष्णा नगर, ब्रह्मनगर, रानीनगर, कल्पना नगर, श्रीनगर, श्रेष्ठ नगर, महावीर नगर में देर तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सूचना पर नायब तहसीलदार विशाल सिंह ने भरथना उपखंड विद्युत अधिकारी कार्यालय पहुंचकर पड़ताल करते हुए संविदा कर्मी को बुलाकर फाल्ट सुधार कराकर दोपहर डेढ़ बजे करीब आपूर्ति बहाल कराई।
महेवा में संविदा कर्मी हड़ताल में शामिल महेवा में मंगलवार को बिजली कर्मियों की हड़ताल में संविदा कर्मी भी शामिल हो गए, लेकिन आपूर्ति पर कोई प्रभाव नहीं रहा। रोजाना की भांति आपूर्ति चालू रही।
जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पदम तिवारी, योगेंद्र सिंह भी कर्मियों के बीच पहुंचे। मंगलवार को 216 कर्मी हड़ताल में शामिल रहे।
यह सभी स्टेशन रोड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान संयोजक व अभियंता संघ शाखा सचिव कुमार सौरव झा, उप्र राज्य विद्युत परिषद जू, इं.संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, कार्यालय सहायक संघ के जिलाध्यक्ष रामजी लाल, राज्य विद्युत प्रा.वि. के जिलाध्यक्ष राहुल देव चौहान आदि कर्मचारी उपस्थित रहे।