फोटो 18 : ताखा क्षेत्र के हिरमानी गांव में आग लगने के बाद जला छप्पर। संवाद
ताखा के हिरमानी गांव की घटना, खाना बनाने के बाद सुलगती छोड़ दी थी लकड़ी
-हवा चलने से भड़की और झोपड़ी जली, पास ही खड़ी कार भी जली
संवाद न्यूज एजेंसी
ताखा। खाना बनाने के बाद चूल्हे में सुलगती लकड़ी छोड़ना एक परिवार के लिए हादसा बन गया। तेज हवा से उठी चूल्हे से उठी लपटें छप्पर तक पहुंच गई। इससे पहले कि उसे बुझा पाते, झोपड़ी से तेज लपटें उठने लगीं और उसमें रखा गृहस्थी का सामान भी पूरी तरह से जल गया। पास ही खड़ी कार का अगला हिस्सा जल गया।
ताखा क्षेत्र के हिरमानी गांव निवासी ब्रजकिशोर का परिवार रहता है। दोपहर को कच्चे मकान के पास उनकी झोपड़ी में खाना बना। उसके बाद परिवार तेज धूप के चलते झोपड़ी से बाहर आ गया। दोपहर करीब एक बजे अचानक झोपड़ी में आग लग गई। अचानक लपटें देख ग्रामीणों ने शोर मचाया तो परिवार मौके पर आया।
बाल्टियों से पानी डाल कर आग बुझाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी, लेकिन तब तक झोपड़ी व उसमें रखा अनाज, कपड़े, चारपाई और बर्तन जल गए। पास ही खड़ी पुरानी कार का अगला हिस्सा भी जल गया। तहसीलदार जावेद अंसारी ने बताया कि लेखपाल से घटना में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। पीड़ित की आपदा राहत से मदद कराई जाएगी।