रविवार की रात चोरों ने बाईपास के पास स्थित आजादनगर नई बस्ती के एक घर से जेवर, नकदी समेत एक लाख रुपये कीमत का माल समेट ले गए। वहीं बकेवर के गांव नगला शुक्ल में दो घरों से तीन लाख रुपये का माल पार कर दिया। दोनों ही वारदातों में परिजन घर में सोते रह गए लेकिन चोरी होने की आहट तक नहीं लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल की। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की भी मदद ली पर कोई सुराग हाथ नहीं लगा। इकदिल थाना क्षेत्र के मुहल्ला आजादनगर नई बस्ती में रविवार रात चोरों ने एक मकान को अपना निशाना बनाया।
चोर कमरे के अंदर घुस गए और अलमारी को खोलकर उसमें रखी नकदी व जेवरात समेट ले गए। इस दौरान घर की गैलरी में सो रहे परिजनों को चोरों की भनक तक नहीं लगी। परिजनों का दावा है कि करीब एक लाख रुपये कीमत का माल चोरी हो गया है।
बाईपास के पास स्थित आजाद नगर नई बस्ती में ट्रैक्टर मिस्त्री शानू पुत्र मुन्ना खां का मकान है। रविवार की रात वह परिवार के साथ मकान की गैलरी में सो रहे थे। जबकि उनके दो बच्चे कमरे में तथा छोटा भाई छत पर सो रहा था। रात के समय चोर छत के रास्ते से जीने से नीचे उतर आए और उनके कमरे में घुस गए।
कमरे में रखी अलमारी खोलकर उसमें रखी नकदी व जेवर पार कर दिए। गैलरी में सो रहे शानू को चोरों की भनक तक नहीं लगी और न ही कमरे में सो रहे उनके पुत्राें को। सुबह जागने के बाद घटना की जानकारी हुई। कमरे में सारा सामान अस्त व्यस्त मिला। अलमारी खुली देख उन्हें चोरी होने का पता चला।
शानू की पत्नी जहारा ने बताया कि एक सोने की चेन, दो अंगूठी, 38 हजार नकद व अन्य सामान चोरी हो गया है। उन्होंने नकदी सहित चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई। वहीं थाना क्षेत्र के गांव नगला शुक्ल में चोरों ने सबसे पहले राघवेंद्र पुत्र नत्थू सिंह के यहां घुसे।
राघवेंद्र व उनके परिजन एक कमरे में सो रहे थे। दूसरे कमरे में रखी अलमारी का लॉक तोड़कर चोर उसमें से जेवर व नकदी समेट ले गए। साथ ही एक अटैची भी अपने साथ ले गए। राघवेंद्र ने बताया कि चोर उनके घर से करीब दो लाख रुपये का सामान ले गए।
इसके बाद चोरों ने जयनारायण पुत्र रामसनेही के यहां से जेवर नकदी सहित करीब एक लाख रुपये का माल ले गए। घटना की जानकारी रात ढाई बजे हुई जब राघवेंद्र सो कर जागे। उन्होंने कमरे में रखी अलमारी खुली देखी। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों के साथ ही पुलिस को दी।
चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सोमवार की सुबह चोरों का सुराग लगाने के लिए डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। डॉग स्क्वायड घर से खेतों की ओर गया। यहां बक्सा तथा अटैची पड़ी मिली।