इटावा। जिले के सैफई इलाके के नंदपुर गांव में दो दिन पहले एक गेहूं के खेत में बड़ा ड्रोन गिरने से ग्रामीणों में दहशत है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना पर सरकार से तत्काल जांच और प्रभावित किसान को मुआवजे की मांग की है। लोगों ने शुरू में इसे युद्ध क्षेत्र से भटकी हुई मिसाइल समझा था।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर इस घटना पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह किसी सरकारी परीक्षण का हिस्सा था तो प्रदेश के नागरिकों को पहले से सूचना देकर आगाह क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब ड्रोन के उड़ने की विश्वसनीयता ही नहीं है, तो आम लोगों के इलाके में इसे उड़ाने का जोखिम क्यों उठाया गया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि यदि यह खेत की बजाय आसपास की किसी बस्ती पर गिर जाता तो जान-माल की बड़ी हानि हो सकती थी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कोई भी परीक्षण सफल क्यों नहीं हो पाता है।मामले में तत्काल जांच बिठाने की मांग की है। उन्होंने किसान के खेत में हुई आर्थिक हानि और मानसिक आघात का आकलन कर उचित मुआवजा देने की बात कही।