टकरुपुरवा में युवक वैभव तिवारी की पिटाई करने वाले लवेदी थानाध्यक्ष और सिपाहियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाए। साथ में थानाध्यक्ष को भी तत्काल निलंबित किया जाए।
यह मांग अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा ने की। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसा न किया गया तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
शुक्रवार को महासभा का एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। यहां से प्रतिनिधि मंडल डिबौली घाट पुल पर भी गया। बाद में मीडिया से बातचीत में राष्ट्रीय कार्यकारणी सदस्य सुरेश तिवारी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम में दोनों सिपाहियों की संलिप्तता साफ नजर आ रही है।
उन्होंने लवेदी थानाध्यक्ष को भी तत्काल निलंबित करने और हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज करने की मांग भी की। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन सिपाहियों ने जानबूझ कर मौजमस्ती के लिए गैर प्रदेश में नौकरी कर रहे वैभव को निशाना बनाया।
उसे पीटने के बाद जब वह मरणासन्न स्थिति में पहुंच गया तो सिपाहियों ने खुद को पीटे जाने की अफवाह फैलाकर उसे हवालात में बंद करा दिया। वैभव को जब सुबह तक होश नहीं आया तो लवेदी थानाध्यक्ष ने मरणासन्न हालत में उसे परिजनों के सुपुर्द कर इलाज कराने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि जिन पुलिस कर्मियों ने पिटने की बात कही है। वह लगातार गांव में आकर परिजनों को फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस मामले की रिपोर्ट महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपी जाएगी। इस दौरान महासभा के औरैया जिलाध्यक्ष श्याम मुरारी तिवारी, परशुराम सेना के मंडल अध्यक्ष कमलेश चौबे, जिला उपाध्यक्ष शुभम द्विवेदी, इटावा जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, विमल किशोर दुबे, रामू तिवारी, विनय अवस्थी, गौरव तिवारी, शिवजी त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि रंगदारी देने से मना करने पर युवक को पीटने वाले लवेदी थाना के दोनों सिपाहियों प्रवीण कुमार व राजेश सिंह को एसएसपी निलंबित कर चुकी हैं। बुधवार को वैभव के परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात कर सिपाहियों की शिकायत की थी। घटना 27 जून की शाम की है।
वैभव तिवारी अपने दोस्त की बाइक लेकर लखना से बाजार कर लौट रहा था। गांव के पास ही दोनों सिपाहियों ने उसे रोक लिया और लाइसेंस दिखाने को कहा। कागज न होने पर दोनाें सिपाहियों ने पैसे मांगे और न देने पर उसे धुन दिया और खुद पर हमले का आरोप लगाया था।