इटावा। होली का त्योहार करीब आते ही परदेस में नौकरी करने वाले लोगों का घर लौटने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके साथ ही ट्रेनों और बसों में जहरखुरान गिरोह भी सक्रिय हो गए हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर इटावा और आसपास के क्षेत्रों में जहरखुरानी की छह से अधिक घटनाएं सामने आई हैं। शातिर अपराधी यात्रियों को नशीला पदार्थ सुंघाकर या खाने की वस्तु में मिलाकर बेहोश कर रहे हैं और उनका कीमती सामान व नकदी लेकर चंपत हो रहे हैं। पुलिस की गश्त और दावों के बावजूद यह गिरोह पकड़ से बाहर है।
राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करने वाले फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के निवासी अरुण कुमार होली पर घर लौट रहे थे। बस स्टैंड पर उतरने से पहले ही जहरखुरानों ने उनसे मेल-जोल बढ़ाया और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। यात्री को बेहोशी की हालत में बस स्टैंड के पास फेंककर बदमाश उनके पास मौजूद 25 हजार रुपये और कपड़ों से भरा बैग लेकर भाग गए।
जम्मू से वैष्णो देवी दर्शन कर परिवार व परिजनों समेत जम्मू तवी से 28 लोगों का ग्रुप झारखंड लौट रहा था। इस दौरान जहरखुरान गिरोह ने नमकीन में नशीला पदार्थ खिलाकर उनको बेहोश कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें इटावा जंक्शन पर उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीड़ितों के अनुसार, रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें खाने के लिए नमकीन दी थी जिसके बाद उन्हें कुछ याद नहीं रहा। उनकी जेब में रखे हजारों रुपये और मोबाइल समेत अन्य कीमती सामान गायब था।
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र की रहने वाली मुन्नी बेगम 14 जनवरी को नंदन कानन एक्सप्रेस से अलीगढ़ रेलवे जंक्शन से झारखंड के कोडरमा स्थित अपने मायके जा रही थी। यात्रा के दौरान हरे स्वेटर पहने एक युवक ने महिला से बातचीत शुरू की और भरोसे में लेकर उसे लड्डू खाने को दिया। लड्डू खाते ही महिला बेहोश हो गई और इसी दौरान आरोपी उसके 10 माह के मासूम बेटे इब्राहिम को लेकर गायब हो गया। हालांकि घटना के छह दिन बाद पुलिस ने बच्चे को आरोपी के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
-सफर के दौरान बगल वाली सीट पर बैठे व्यक्ति से ज्यादा मेल-जोल बढ़ाने से बचें।
-अजनबी से प्रसाद या खाने की वस्तु बिल्कुल न लें।
-अगर बगल में बैठा व्यक्ति रुमाल या स्प्रे का बार-बार इस्तेमाल करे तो सावधान हो जाएं।
-किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर रेलवे पुलिस (141) या डायल 112 पर तुरंत सूचना दें।
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें लगी हुई है। जल्द ही इनको पकड़ा जाएगा।
-दिनेश कुमार, निरीक्षक आरपीएफ।