इटावा। जिले में किसानों से आलू खरीदने के लिए चार खरीद केंद्र खोले गए हैं। आलू खरीद का जिम्मा पीसीएफ को सौंपा गया है। मंगलवार को चार इटावा, जसवंतनगर, सैफई एवं भरथना तहसील में एक-एक खरीद केंद्र खोल दिया गया है। बाकी दो तहसीलों चकरनगर एवं ताखा में आलू की पैदावार न के बराबर होती है, इसलिए वहां खरीद केंद्र नहीं खोला जा सका है। मंगलवार को खरीद केंद्र पर कांटा बांट, बारदाना एवं बैनर आदि की व्यवस्था करने में अधिकारी कर्मचारी लगे रहे। पहले दिन आलू की खरीद नहीं हो सकी। जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि रविवार की शाम को ही इस संबंध में शासनादेश आया था। इसके बाद खरीद केंद्र खोले गए हैं। सभी खरीद केंद्रों पर खरीद प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। किसानों से खरीदा गया आलू कोल्ड स्टोरेज में रखा जाएगा। शासनादेश के अनुसार आलू की खरीद 549 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। खरीद 31 मार्च तक की जानी है। फेयर एवरेज क्वालिटी के ही आलू की खरीद का मानक तय किया है। आलू की पहचान कैसे होगी। इसके लिए सरकार ने पूरे प्रदेश में आलू की खरीद के लिए पांच संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी है। पीसीएफ को आगरा, कानपुर एवं इलाहाबाद मंडल में आलू की खरीद करना है। चूंकि इटावा कानपुर मंडल में आता है लिहाजा जिले में आलू की खरीद की जिम्मेदारी पीसीएफ को मिली है। पीसीएफ तीनों मंडलों से 60 हजार मीट्रिक टन आलू खरीदना है।