फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या

Sun, 11 Jan 2015 11:49 PM IST
former Gram Pradhan shot dead
जमीन के विवाद में पंचायत कराने गए पूर्व प्रधान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। पूर्व प्रधान पंचायत के बाद गांव के एक टेंट हाउस पर अन्य ग्रामीणों के साथ बैठे थे। तभी बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना के पीछे प्रधानी चुनाव की रंजिश बताई जा रही है। पूरे गांव में दहशत का माहौल है।


बसरेहर थाना क्षेत्र के गांव धोआ निवासी मेहरबान सिंह यादव (50) पुत्र भीखम सिंह ग्राम पंचायत किल्ली सुल्तानपुर के पूर्व प्रधान रहे हैं। रविवार को जमीन के विवाद में पंचायत करने के लिए किल्ली सुल्तानपुर गांव आए थे। पंचायत निपटाने के बाद वह गांव में ही स्थित एक टेंट हाउस पर बैठ गए।

तभी बाइक पर सवार होकर आए हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह जमीन पर लहूलुहान होकर गिर पड़े, जबकि अन्य लोग अंदर दुबक गए। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। हमलावरों के जाने के बाद टेंट पर बैठे लोग और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे।


उन्हें इलाज के लिए पीजीआई सैफई ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बसरेहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। थानाध्यक्ष नासिर हुसैन ने बताया कि पूर्व प्रधान मेहरबान सिंह किल्ली गांव स्थित एक टेंट हाउस पर बैठे थे।

तभी उनकी गोली मारकर हत्या की गई है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रधानी चुनाव की रंजिश को लेकर हत्या की आशंका है। पुलिस ने शव को शव गृह में रखवाया है।

उधर, बताया जा रहा है कि हत्यारे सुल्तानपुर किल्ली के ही रहने वाले हैं और उन्हें पहले से प्रधान के आने की सूचना और पूरी लोकेशन पता थी। माना जा रहा है कि इसमें किसी खास का हाथ हो सकता है जिसने सटीक मुखबिरी की है।
विज्ञापन

Next
AU ऐप में पढ़ें