आवास विकास परिषद ने इटावा-मैनपुरी रोड पर स्थित सूत मिल योजना की जमीन पर निर्मित डुप्लेक्स मकानों की योजना में आवेदन फिर शुरू कर दिए हैं। योजना के 83 डुप्लेक्स मकानों के लिए 30 नवंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। मकानों की अनुमानित कीमत करीब 39.22 लाख रुपये है। योजना में बैंकों से फार्म खरीदकर या ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
परिषद ने इटावा स्थित कताई मिल में 167 डुप्लेक्स मकानों की योजना 10 मई 2016 को लांच की थी। योजना में 84 सेमीफिनिश्ड और 83 फिनिश्ड डुप्लेक्स मकान शामिल थे। 10 जून तक चले आवेदनों में 84 सेमीफिनिश्ड मकानों के लिए पंजीकरण हो गए। बाकी बचे 83 मकानों के लिए अब नए सिरे से आवेदन मांगे गए हैं।
परिषद अधिकारियों के मुताबिक सूत मिल योजना, इटावा में फिनिश्ड मकानों में पंजीकरण के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 30 नवंबर तक योजना में आवेदन किया जा सकता है।
--
मकानों के बाद भूखंडों की स्कीम
परिषद अधिकारियों ने अब मकानों की बिक्री हो जाने के बाद ही भूखंडों की योजना लांच करने का मन बनाया है। अधिकारियों के मुताबिक भूखंडों केप्रति लोगों का रुझान अधिक होता है। भूखंडों की योजना से मकानों की बिक्री प्रभावित होने की आशंका के चलते इसकी लांचिंग स्थगित कर दी गई है। 105 भूखंडों की योजना दिवाली पर लांच होनी थी।