इटावा-ग्वालियर हाइवे पर घने कोहरे के बीच वाहनों की टक्कर में युवक की मौत हो गई जबकि एक ट्रक चालक घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे में मृत युवक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सोमवार की रात घने कोहरे के कारण इटावा-ग्वालियर हाईवे एक के बाद एक तीन वाहन पीछे से भिड़ गए। कामेत गांव के पास हुई इस दुर्घटना में सबसे पहले भिंड की ओर से आ रहा ट्रक ट्रैक्टर से जा टकराया। हादसे में ट्रक का चालक रंगलाल (25) पुत्र लालू निवासी धूमन पुरा घायल हो गया।
इस बीच पीछे से आ रहा बालू से भरा ट्रक उनसे जा भिड़ा। भिडंत इतनी भीषण थी कि ट्रक में सवार क्लीनर कुलदीप (26) पुत्र डोरी लाल निवासी ढारपुरा थाना रामगढ जिला फिरोजाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बालू से भरे ट्रक का चालक गाड़ी मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
सूचना पर थानाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले घायल रंगलाल को जिला अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। इसके बाद कुलदीप के शव को ट्रक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसा घने कोहरे के कारण हुआ है हादसे में एक की मौत हुई है जबकि एक ट्रक चालक घायल है।