फोटो 29:: बारिश के बाद बकेवर क्षेत्र में गिरे ओले। संवाद
इटावा/ बकेवर। मौसम के बदले मिजाज ने एक बार फिर से किसानों को परेशान कर दिया है। सोमवार की पूरी रात कोहरे की चादर में लिपटी रही तो मंगलवार की सुबह होते ही ओलो के साथ तेज बारिश शुरू हो गई।
ग्रामीण क्षेत्र में 10 से 15 मिनट तक हुई बारिश और ओलों ने सरसों और आलू की फसल को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि शहर में बारिश नहीं हुई। सोमवार रात से ही कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया हुआ था।
लोगों को उम्मीद थी कि मंगलवार सुबह धूप निकलेगी लेकिन सुबह करीब छह बजे के बाद अचानक काले बादल घिर आए। इसके बाद हुई तेज बारिश ने बकेवर, महेवा, निवाड़ीकला क्षेत्र में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी।
बारिश के बीच एक से दो मिनट तक हुए ओलावृष्टि ने सरसों और आलू की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। किसान राजेश कुमार ने बताया कि ओले गिरने से सरसों की बालियां टूटकर जमीन पर बिछ गई हैं। वहीं, आलू किसानों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से आलू के खेतों में नमी बढ़ गई है जिससे रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।