मोटर साइकिलों के साथ पकड़े गए आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
- फोटो : ETAWHA
इटावा। सदर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को भोलन सैय्यद मार्ग से पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी की सात बाइकें, चार चाकू और एक तमंचा बरामद हुआ है। दोपहर बाद कोर्ट में पेश करने के बाद पांचों को जेल भेज दिया गया।
एसपी सिटी प्रशांत कुमार ने सदर कोतवाली में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शहर में लगातार वाहन चोरी की घटनाएं हो रही थीं। शुक्रवार को भी सदर कोतवाली क्षेत्र से एक बुलेट चोरी हो गई थी। सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी।
वाहन चोर गिरोह को दबोचने के लिए सदर कोतवाली प्रभारी बचन सिंह सिरोही, दरोगा कपिल चौधरी, सौरभ सिंह समेत आठ पुलिस कर्मियों की टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी की मदद से साक्ष्य जुटाए।
शनिवार सुबह बलदेव चौराहे के पास भोलन सैय्यद मार्ग से पांच युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों में बसरेहर के कृपालपुर निवासी अंकुश, औरैया के अछल्दा क्षेत्र के नगला खगी निवासी राहुल कुमार, वैदपुरा के नगला बाबा निवासी सुखवीर सिंह, इटावा शहर के मड़ैया शिव नारायन निवासी आमिर खान व महतर टोला निवासी अयूब उर्फ बाबर हैं। एसपी ने बताया कि इन पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।
बुलेट समेत सात बाइकें बरामद
पुलिस ने शातिरों की निशानदेही पर शुक्रवार को सदर कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई बुलेट को बरामद कर लिया है। इसके अलावा वर्ष 2017 में जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई पैसन-प्रो बाइक समेत अन्य बाइकों को भी बरामद किया है।