भरथना। भरथना-बकेवर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में स्कूली छात्र सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भेजा। गंभीर रूप से घायल छात्र को परिजन निजी वाहन से निजी अस्पताल ले गए।
कुंवरा गांव के निकट भरथना की ओर से चार लोगों के साथ एक बाइक तेज गति से जा रही थी। इसी बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई जिससे दोनों बाइकों पर सवार पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विरोंधी गांव निवासी सत्यम, योगेश और उनका साथी आर्यन एक बाइक पर भरथना से गांव की ओर जा रहे थे।
रास्ते में पाली बंबा के पास राजागंज मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय छात्र प्रांजुल ने उनसे स्कूल तक लिफ्ट मांगी जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। बाइक सवार तेज रफ्तार से बकेवर की ओर जा रहे थे तभी कुंवरा गांव में बकेवर की ओर से आ रहे लखना निवासी विकास यादव की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में लखना निवासी विकास और भरथना निवासी प्रांजुल को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। खबर लिखे जाने तक सभी घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।